कंप्यूटर आपरेटर व फायरकर्मी भूख हड़ताल पर बैठे
सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रभारी विजेंद्र सिंह चहल ने कर्मचारियों को फूलमालाएं पहनाकर भूख हड़ताल पर बैठाया। कर्मचारियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर 8 नवंबर को शहरी स्थानीय निकाय मंत्री अनिल विज के आवास का घेराव करने की चेतावनी दी।
जासं, सोनीपत: आउटसोर्स कंप्यूटर आपरेटरों व फायरकर्मियों ने नौकरी से हटाए जाने के विरोध में बुधवार को निगम कार्यालय में भूख हड़ताल शुरू कर दी। पहले दिन भूख हड़ताल में 20 कर्मचारी शामिल हुए। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रभारी विजेंद्र सिंह चहल ने कर्मचारियों को फूलमालाएं पहनाकर भूख हड़ताल पर बैठाया। कर्मचारियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर 8 नवंबर को शहरी स्थानीय निकाय मंत्री अनिल विज के आवास का घेराव करने की चेतावनी दी। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया तो उसी दिन आंदोलन की घोषणा कर दी जाएगी।
नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के स्थानीय प्रधान अजीत सिंह रिढलान ने कहा कि पहले कर्मचारियों संग मांगों को पूरा करने को हुए समझौते को लागू नहीं करने से सरकार के खिलाफ रोष बना हुआ है। सरकार ने अब शहरी स्थानीय निकायों में लगे आपरेटरों को नौकरी से हटा दिया। इसको लेकर संघ के आह्वान पर 28 व 29 अक्टूबर को 24-24 घंटे की कर्मिक भूख हड़ताल शुरू कर दी है। मांगों को पूरा कराने के लिए 8 नवंबर को अंबाला में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री अनिल विज के आवास का घेराव किया जाएगा। इसके उपरांत आंदोलन की घोषणा कर दी जाएगी। इस दौरान नगरपालिका कर्मचारी संघ के जिला उपप्रधान दिलराज, सूरजभान, पवन, सतीश, फायर विभाग से सचिव संदीप तूर, कृष्ण, दीपक पांचाल, विक्की, कुलदीप, सोहन, राजेश, रविद्र, राजेंद्र, जयपाल, जयभगवान, जयकंवार, रानी, बलजीत व अन्य मौजूद रहे।