पुलिसकर्मी समे सिंह योद्धा की तरह डटे हैं मैदान में
कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते जहां लोगों में खौफ है वहींकुछ ऐसे भी लोग हैं जो न केवल अपनी ड्यूटी पूरी लगन और मेहनत से दे रहे बल्कि सामाजिक कर्तव्य भी निभा रहे हैं।
जागरण संवाददाता, सोनीपत : कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते जहां लोगों में खौफ है, वहीं कुछ ऐसे भी लोग हैं जो न केवल अपनी ड्यूटी पूरी लगन और मेहनत से दे रहे, बल्कि सामाजिक कर्तव्य भी निभा रहे हैं। संक्रमण के चलते जहां लोग अपने से ही दूरी बना रहे हैं, वहीं पुलिस जवान समे सिंह पुलिस के सेवा, सुरक्षा व सहयोग के नारे को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। समे सिंह कोरोना वायरस के चलते लगाए गए लॉकडाउन को 10-10 घंटे ड्यूटी देकर सफल बनाने में जुटे हैं।
समे सिंह लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर पुलिस कर्मचारी अपने कर्तव्य से पीछे हट जाएंगे तो शहर के हालत बुरे हो जाएंगे। शुरुआत में उनके कई साथियों के मन में कोरोना वायरस को लेकर डर था। लेकिन जागरूक करने के बाद अब पूरे जोश से ड्यूटी कर रहे हैं। समे सिंह कहते हैं कि ऐसी परिस्थिति देख कर कहीं न कहीं डर तो रहता है। लेकिन जब देश संकट में हो तो देशहित के लिए खुद की चिता बहुत छोटी बात हो जाती है। वह ड्यूटी के दौरान सुरक्षा उपकरण के जरिए अपने को सुरक्षित रखते हैं। बाद में खुद को सैनिटाइज करने के बाद ही लोगों के बीच और घर जाते हैं। उनकी अपील है कि लोग लॉकडाउन का उल्लंघन न करें। घरों में रह कर पुलिस का सहयोग करें।