अगले तीन वर्षों में प्रदेश के हर युवा को देंगे रोजगार : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जय जवान-जय किसान के साथ जय पहलवान-जय युवा का नारा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के लाल आज विश्व में कमाल कर रहे हैं। हरियाणा को खेलो का हब बनाया जाएगा जिसके लिए योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ रहे हैं।
सोनीपत, जागरण संवाददाता। पैरालिंपिक में स्वर्णिम पताका फहराने वाले सुमित आंतिल का अभिनंदन करने गांव खेवड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के युवा-जवान-किसान-खिलाड़ी के साथ है, जिनके उत्थान में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही। हरियाणा को खेलो के हब के रूप में विकसित किया जाएगा। वहीं, अगले तीन वर्षों में प्रदेश के हर युवा को सरकार रोजगार देगी, जिसमें अंत्योदय परिवार उत्थान योजना की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। अभिनंदन समारोह का आयोजन गांव खेवड़ा के डीपीएस के सभागार में किया गया था।
हरियाणा बनेा खेलों का हब
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जय जवान-जय किसान के साथ जय पहलवान-जय युवा का नारा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के लाल आज विश्व में कमाल कर रहे हैं। हरियाणा को खेलों का हब बनाया जाएगा, जिसके लिए योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ रहे हैं। इसके लिए एक-एक खिलाड़ी पर ध्यान देना होगा। हमें विश्व स्तर व ओलिंपिक में बड़े देशों से मुकाबला करना है, जिसके लिए एक-एक गांव को खेल केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
विकास की मुख्यधारा में जोड़ने के लिए उठाएंगे प्रभावी कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब परिवारों को विकास की मुख्यधारा में शामिल करने के लिए प्रभावी कदम बढ़ाए गए, जिसके लिए परिवार पहचान पत्र बनाए जा रहे हैं। राज्य सरकार 10 फसलों की खरीद कर रही है जबकि पड़ोसी राज्य मात्र दो फसलों की खरीद करता है। हरियाणा में सब्जी व फल उत्पादक किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए भावांतर योजना लागू की गई है। इसी प्रकार शिक्षा को मजबूती देने के लिए 150 माडल संस्कृति स्कूल स्थापित किए गए हैं, जिनकी मांग बढ़ गई है। आने वाले समय में माडल संस्कृति स्कूलों की संख्या में और वृद्धि की जाएगी।
चांदी का भाला भेंट किया
समारोह के दौरान ग्रामीणों ने सुमित के लिए चांदी का भाला बनाया था। ग्रामीणों ने मंच पर पहुंचकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल के हाथों सुमित को चांदी का भाला उपहार स्वरूप दिलवाया। मुख्यमंत्री ने खुद भी हाथ में भाला लेकर किसी प्रोफेशनल थ्रोअर की तरह उसे फेंकने की मुद्रा में परखने के बाद सुमित को भेंट कर दिया। वहीं डिस्क्रस थ्रो की ओलंपियन सीमा आंतिल पूनिया को दो किलो चांदी से बना चक्का भेंट किया गया।