पानीपत के शिक्षक का नहर में मिला शव, एक महीने बाद होने वाली थी शादी
पुलिस ने बताया कि जिला पानीपत की कैंप तहसील के सुभाष नगर के रहने वाले नारायणदास का पुत्र पंकज रविवार सुबह टहलने के लिए निकला था। उसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। छानबीन में पता चला कि शव मिला जिससे मौत की पुष्टि की गयी।
सोनीपत [डीपी आर्य]। ककरोई नहर में 12 जुलाई को मिले लावारिश शव की पहचान पानीपत जिले के शिक्षक पंकज सिंह के रूप में हुई है। उसकी एक महीने बाद शादी होने वाली थी। घर में शादी की तैयारी चल रही थीं। स्वजनाें को उनकी स्कूटी नहर के किनारे मिली थी। उसके चलते स्वजनों ने पुलिस से संपर्क किया तो उसका शव सदर थाना पुलिस को मिलने की जानकारी हुई।
टहलने के बाद नहीं पहुंचे घर
पुलिस ने बताया कि जिला पानीपत की कैंप तहसील के सुभाष नगर के रहने वाले नारायणदास का पुत्र पंकज रविवार सुबह टहलने के लिए निकला था। उसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। स्वजनों ने उसको हर संभव स्थान पर तलाश किया। नहीं मिलने पर पानीपत में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
पानीनत में नहर में तलाश
शाम को स्वजनों को पानीपत में नहर किनारे एक लावारिश स्कूटी खड़ी होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि स्कूटी पंकज की है। उसके बाद पुलिस ने नहर किनारे के थानों से जानकारी करनी शुरू की। उसको पानीपत में नहर में भी तलाश किया गया।
घर में चल रही थी शादी की तैयारी
इसी बीच स्वजनों को सोनीपत के सदर थानाक्षेत्र की ककरोई नहर में एक लावारिश शव मिलने की जानकारी हुई। पुलिस को शव अर्धनग्न हालत में मिला था। शव पर नीचे की ओर कोई कपड़ा नहीं था। स्वजनों ने बृहस्पतिवार शाम को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचकर लावारिश शव की पहचान पंकज के रूप में की। स्वजनों ने बताया कि वह एक निजी स्कूल में म्यूजिक टीचर था। एक महीने बाद उसकी शादी होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, इसी दौरान यह हादसा हो गया।
नहाने के दौरान हादसे का अंदेशा
लावारिश शव की पहचान पानीपत के पंकज के रूप में हो गई है। स्वजनों के शिनाख्त कर लेने के बाद शव उनको सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शव पर कोई चोट के निशान नहीं मिले है। वह नहाने के दौरान नहर में बह गया होगा। कई बार पानी के तेज बहाव में कपड़े झाड़ियों में उलझकर निकल जाते हैं।
सुनील कुमार, एसएचओ, थाना सदर, सोनीपत।