किसानों के मंच से ओमप्रकाश चौटाला का हरियाणा सरकार पर हमला, कहा- जल्द होंगे चुनाव
ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि आंदोलन में शामिल लोगों ने जाति-पाति के नाम पर जहर फैला कर राजनीति करने वाले लोगो को थप्पड़ मारने का काम किया है। आज सरकार ने जनता से मूलभूत सुविधाएं छीन ली है। इस कुशासन को खत्म करने और संघर्ष में जूझने का निर्णय लिया।
सोनीपत, संजय निधि। कृषि कानून के खिलाफ किसानों का केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन जारी है। इस प्रदर्शन को साथ मिला है हरियाणा के इंडियन नेशनल लोक दल के सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला का। बुधवार को कुंडली बार्डर पर कृषि कानून विरोधी आंदोलन में इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला पहुंचे। यहां पहुंच कर उन्होंने किसान आंदोलन का समर्थन दिया, लेकिन संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा बनाए गए मुख्य मंच का इस्तेमाल नहीं किया। चौटाला ने कहा यह सभी वर्गों का आंदोलन है। यहां पर उन्होंने किसानों का साथ देते हुए हरियाणा की मनोहर सरकार पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही यहां पर चुनाव होने वाले हैं।
सरकार ने छीन ली है जनता की मूलभूत सुविधा
इसके बाद ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि आंदोलन में शामिल लोगों ने जाति-पाति के नाम पर जहर फैला कर राजनीति करने वाले लोगो को थप्पड़ मारने का काम किया है। आज सरकार ने जनता से मूलभूत सुविधाएं छीन ली है। इस कुशासन को खत्म करने और संघर्ष में जूझने का निर्णय लिया।
केंद्र सरकार को बताया लुटेरी सरकार
ओमप्रकाश चौटाला ने आपने भाषण में सरकार को लुटेरी सरकार बताया। कहा, लुटरे किस्म के लोगों के हाथ में देश और प्रदेश की सत्ता आ गई, जिनका काम पैसे बटोरना है। ऐसे कानून बनाते हैं, जिससे देश का सारा कुछ चुनिंदा व्यापारियों के पास चला जाता है। देश आज बर्बादी की कगार पर है।
हरियाणा में होगी मध्यवर्ती चुनाव
ओमप्रकाश चौटाला ने प्रदेश में मध्यवर्ती चुनाव की आशंका जताई है। आंदोलनकारियों के संसद मार्च पर ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि कल विपक्ष और किसान इक्कठे होकर इन काले कानूनों का विरोध करने पहुंचेंगे और सरकार को काले कानून वापस लेने के लिए मजबूर करेंगे। फोन टैपिंग मामले पर बोले ओम प्रकाश चौटाला, कांग्रेस और भाजपा मिले हुए हैं, यह कहने की जरूरत नहीं है। चौटाला ने भाजपा और कांग्रेस को हराने के लिए अन्य विपक्षी दलों को इकट्ठा करके थर्ड फ्रंट बनाने की बात भी कही।