स्वास्थ्य विभाग ने 100 लोगों को बांटी मच्छरदानी
जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से सेक्टर-7 स्थित पालीक्लीनिक में मच्छरदानी वितरण कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डा. जसवंत सिंह पूनिया ने की जबकि संचालन उप सिविल सर्जन डा. जितेंद्र सिंह ने किया।
जागरण संवाददाता, सोनीपत : जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से सेक्टर-7 स्थित पालीक्लीनिक में मच्छरदानी वितरण कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डा. जसवंत सिंह पूनिया ने की, जबकि संचालन उप सिविल सर्जन डा. जितेंद्र सिंह ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राई के विधायक एवं भाजपा के जिलाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने बतौर मुख्य अतिथि किया। इस दौरान उन्होंने आसपास के 100 जरूरतमंद लोगों को कीटनाशक जाल (एलएलआइएन) या मच्छरदानी वितरित की। साथ ही पालीक्लीनिक परिसर में पौधारोपण भी किया।
इन दिनों हर वर्ष बदलते मौसम के साथ ही मच्छरों की संख्या भी बढ़ जाती है। इनके कारण डेंगू और मलेरिया की बीमारी फैलने की आशंका बनी रहती है। इन बीमारियों पर रोकथाम लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। इसी के चलते स्वास्थ्य विभाग ने इस वर्ष हाई रिस्क क्षेत्रों में लोगों को मच्छरदानी देने का निर्णय लिया है। अब विभाग की ओर से पालीक्लीनिक में आसपास के 100 लोगों को मच्छरदानी वितरित की। उन्होंने लोगों को बताया कि यह मच्छरदानी मच्छरों के प्रकोप को रोकने में काफी कारगर है। इस पर दवा का छिड़काव किया जाता है। करीब तीन वर्ष तक यह लोगों को मच्छरों के प्रकोप से बचाती है। विधायक मोहनलाल बड़ौली ने भी लोगों को बीमारियों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद उन्होंने पालीक्लीनिक परिसर में दो त्रिवेणी, छह जामुन और पांच अमरूद के पौधे भी रोपे। इस मौके पर हेल्थ इंस्पेक्टर बलबीर सिंह, मनीष दहिया, राजेश अंतिल, कुलदीप, विकास, वीरेंद्र, मंजीत, प्रवीन, उपेंद्र फार्मासिस्ट आदि मौजूद रहे।