कहीं रैन बसेरों पर लटका मिला ताला, कहीं बिजली-पानी नहीं
सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है लेकिन नगर निगम की ओर से संचालित रैन बसेरों की हालत बदहाल है।
जागरण संवाददाता, सोनीपत : सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है, लेकिन नगर निगम की ओर से संचालित रैन बसेरों की हालत बदहाल है। कहीं ताले लटके हैं तो कहीं रैन बसेरा के बाहर गंदगी का अंबार है। शनि मंदिर के पास स्थाई रूप से बने रैन बसेरे में गर्म पानी की व्यवस्था के लिए लगा सोलर सिस्टम खराब है। सोमवार देर शाम मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया।
भाजपा नेता राजीव जैन सबसे पहले मुरथल अड्डा स्थित रैन बसेरा का जायजा लेने पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला। रैन बसेरा का कोई बोर्ड भी नहीं लगा हुआ था। इसके बाद उन्होंने रेलवे स्टेशन के पास मालगोदाम के बाहर रखे रैन बसेरा का निरीक्षण किया तो वहां पीने की पानी और बिजली की व्यवस्था नहीं थी। इस रैन बसेरे में सो रहे व्यक्ति ने बताया गद्दे भी किसी दानी सज्जन ने दिए थे, वे उसी का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके बाद वे शनि मंदिर के पास स्थाई रूप से बने बने रैन बसेरे का जायजा लिया। रैन बसेरे में करीब 15-16 व्यक्ति विश्राम कर रहे थे। यहां भी गर्म पानी उपलब्ध कराने को लगाया गया सोलर सिस्टम खराब मिला। रैन बसेरे में लगे सीसीटीवी कैमरे भी करीब डेढ़ साल से बंद हैं। जैन ने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि रैन बसेरों का संचालन करने वाले निगम के अधिकारी कभी मौके पर जाकर मुआयना नहीं करते। राजीव जैन ने इस संबंध में नगर निगम के आयुक्त से बात कर उपरोक्त सभी जानकारियां दे दी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही निगम की ओर से इन रैन बसेरों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाएगा। पांच साल पहले जैन के प्रयास से ही शनि मंदिर के पास स्थाई रैन बसेरे का निर्माण किया गया था। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम को देखते हुए रैन बसेरों में पेयजल और बिजली की सुविधाओं के साथ ही गद्दे, कंबल और चादर की व्यवस्था की जाए और सफाई की उचित व्यवस्था की जाए। उनके साथ भाजपा नेता संजीव वलेचा रहे।