ककरोई में युवक को गोली मारने का मुख्य आरोपित गिरफ्तार
पुरानी रंजिश के चलते गांव ककरोई में दीपावली की रात युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित नीरज गांव ककरोई का रहने वाला है।
जागरण संवाददाता, सोनीपत : पुरानी रंजिश के चलते गांव ककरोई में दीपावली की रात युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित नीरज गांव ककरोई का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश कर पांच दिन की रिमांड पर लिया है।
ककरोई निवासी विक्की ने सदर थाना पुलिस को बताया था वह दीपावली की रात अपने चाचा के घर पर बैठा था। परिवार के अन्य सदस्य भी आसपास ही थे। इसी दौरान गांव का मुकेश अपने बेटों नीरज व योगेश, भतीजे और गांव युवक मंदीप के साथ वहां पर पहुंचा। पांचों ने उनके घर के बाहर आकर गाली-गलौज देना शुरू कर दिया। जब उन्होंने गालियों की आवाज सुनकर दरवाजा खोला तो बाहर पिस्तौल लिए नीरज और योगेश ने गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस गोलीबारी में एक गोली उसकी कमर में जा लगी। वहीं, एक गोली उसके चचेरे भाई सन्नी के सिर के पास से गुजर गई। वह बाल-बाल बचा। हमले में घायल विक्की को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे गंभीर हालत के चलते पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया था। परिवार ने विक्की को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। स्वजनों के मुताबिक आरोपित परिवार के एक युवक का उनके बेटे सन्नी के साथ एक साल पहले झगड़ा हुआ था। अब इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है। सदर थाना पुलिस ने घायल के बयान पर मुकेश, उसके दो बेटों नीरज व योगेश, उसके भतीजे और गांव के मंदीप के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया था। अब एएसआइ जयभगवान ने नेतृत्व में टीम ने मुख्य आरोपित नीरज को गिरफ्तार कर पांच दिन की रिमांड पर लिया है ताकि वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किया जा सके।