धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले दो यू-ट्यूब चैनल पर केस दर्ज
जागरण संवाददाता सोनीपत धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाले दो यू-ट्यूब चैनल और उनके संचालक
जागरण संवाददाता, सोनीपत : धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाले दो यू-ट्यूब चैनल और उनके संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपित रामायण के पात्रों की आवाज की डबिग कर अश्लीलता परोस रहे थे। इस मामले में एक सामाजिक कार्यकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। उन्होंने संबंधित न्यूज चैनल के प्रसारित कार्यक्रमों के स्क्रीनशाट भी प्रस्तुत किए थे। पुलिस अधीक्षक ने इसकी जांच डीएसपी सिटी से कराई। उनकी जांच में आरोप सही पाए गए। उसके बाद आरोपितों पर धार्मिक भावना भड़काने की धारा आइपीसी 295-ए में रिपोर्ट दर्ज की गई है। रामायण धारावाहिक के नाम सबसे ज्यादा दर्शकों का रिकार्ड है। अपने पहले प्रसारण के बाद लाकडाउन में उसका दोबारा से प्रसारण किया गया, फिर भी दर्शकों की संख्या कम नहीं हुई। रामायण के प्रसारण को लोग धार्मिक आस्था के साथ देखते हैं। इसके पात्रों का लोगों के दिलों में विशेष सम्मान है। वहीं शहर में दो यू-ट्यूब चैनल के माध्यम से रामायण के पात्रों के नाम से अश्लीलता परोसी जा रही है। रामायण के एपिसोड में पात्रों की आवाज को डब कर दिया गया है। उनकी फेस लिप्सिग के साथ अश्लील संवाद जोड़ दिए गए हैं। इन यू-ट्यूब चैनल का नाम भी भक्तिभाव को अश्लीलता के साथ जोड़कर दिया गया है।
सामाजिक कार्यकर्ता रमेश जांगड़ा ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी थी। उन्होंने चैनल पर प्रसारित रामायण के एपिसोड के स्क्रीन शाट भी प्रस्तुत किए। इसके साथ ही यू-ट्यूब चैनलों का लिक भी दिया गया। एसपी ने इसकी जांच डीएसपी सिटी डा. रवींद्र कुमार ने कराई थी। उन्होंने शुरुआती जांच में चैनलों के प्रसारण को आपत्तिजनक पाया। उनके कार्यालय से इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए गए। सिटी थाना पुलिस ने इस मामले में आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। उसके साथ ही सूचना प्रसारण मंत्रालय को उक्त यू-ट्यूब चैनल को तत्काल ब्लाक करने के निर्देश दिए गए हैं।
-------------
यू-ट्यूब पर आपत्तिजनक नाम से चैनल बनाकर प्रसारण किया जा रहा था। जांच में सामने आया कि यह बेहद आपत्तिजनक है। इससे एक वर्ग की भावनाएं आहत हो सकती हैं। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की तलाश को टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- देवेंद्र कुमार, एसएचओ, थाना सिटी -------------
डीपी