तालमेल से लड़ेंगे बरोदा उपचुनाव, हमारा दावा मजबूत : अजय चौटाला
बरोदा हलके का उपचुनाव जजपा व भाजपा गठबंधन तालमेल से लड़ेगा। इस सीट के उपचुनाव में गठबंधन में हमारा दावा ज्यादा मजबूत है।
जागरण संवाददाता, गोहाना (सोनीपत): बरोदा हलके का उपचुनाव जजपा व भाजपा गठबंधन तालमेल से लड़ेगा। इस सीट के उपचुनाव में गठबंधन में हमारा दावा ज्यादा मजबूत है। बरोदा सीट से हम सात बार जीते हैं। यह बात जननायक जनता पार्टी के संस्थापक और पूर्व सांसद डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कही। डॉ. चौटाला मान धर्मशाला में पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव डॉ. केसी बांगड़ के साथ बरोदा हलका के कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।
डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश में जजपा-भाजपा गठबंधन की सरकार है और बरोदा हलका का उपचुनाव भी गठबंधन आपसी तालमेल से लड़ेगा। एक सवाल पर डॉ. चौटाला ने कहा कि चुनाव कौन लड़ेगा, कौन नहीं, इस का फैसला सांसद रमेश कौशिक को नहीं बल्कि उनकी पार्टी के संसदीय बोर्ड को करना है। कौशिक ने कहा था कि उपचुनाव भाजपा ही लड़ेगी। केंद्र सरकार को डीजल के बढ़ते दामों पर विचार करना चाहिए
इनेलो नेता अभय चौटाला द्वारा बरोदा उपचुनाव में कांग्रेस और इनेलो का सीधा मुकाबला होने की टिप्पणी पर अजय बोले कि इसी हलके के पिछले चुनाव के परिणाम पर एक बार नजर जरूर डाल लें। उन्होंने मांग की कि पेट्रोल व डीजल के दामों में लगातार वृद्धि पर केंद्र सरकार पुनर्विचार करे। डीजल के दाम पेट्रोल के बराबर पहुंचना चिता का विषय है। इस मौके पर डॉ. केसी बांगड़, भूपेंद्र सिंह मलिक, कुलदीप मलिक, रमेश खटक, राजकुमार रिढाऊ, तेलूराम जोगी, नरेंद्र गहलावत, सुरेंद्र रुखी, डॉ. राममेहर राठी, रामचंद्र देशवाल, बबीता दहिया, जोनी लठवाल, महेंद्र पाल गुंबर, रितेश शर्मा मौजूद रहे।