आपातकाल के दौरान आंदोलन करने वालों को किया सम्मानित
भाजपा ने आपातकाल के दौरान आंदोलन करने वाले लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित करने के दो दिवसीय अभियान शरू किया है।
जागरण संवाददाता, सोनीपत : भाजपा ने आपातकाल के दौरान आंदोलन करने वाले लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित करने के दो दिवसीय अभियान शरू किया है। इसके तहत मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने बृहस्पतिवार को सेक्टर 23 में एडवोकेट राजेंद्र सिंह दहिया, देव नगर में सत्यनारायण रोहिल्ला, शिव नगर में पूर्व पार्षद अशोक जैन, सेक्टर-14 में वीरेंद्र बंसल, अशोक बत्रा, सेक्टर-15 में नरेंद्र चराया, तिलकराज, सतीश, न्यू कॉलोनी में प्रोफेसर जनार्दन, एटलस रोड पर जयपाल माछरी को शॉल देकर सम्मानित किया तथा उनके आपातकाल से जुड़े संस्मरण सांझा किए।
मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाया गया आपातकाल हर भारतवासी के जीवन में काले अध्याय के समान है, जिसके लिए कांग्रेस को कभी माफ नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष व्यर्थ नहीं जाएगा और उनका हर कदम पर मान-सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन्हीं सेनानियों की बदौलत देश में लोकतंत्र अक्षुण्ण बना हुआ है। क्योंकि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लगाया था, लेकिन लोकतंत्र के सेनानियों के लंबे संघर्ष के बाद इंदिरा गांधी को अपने पांव पीछे खींचने को मजबूर होना पड़ा। ऐसे में देश के कई राज्यों में इन लड़ाकों को सम्मान देने का निर्णय किया और इन्हें पेंशन भी दी जा रही है। मनोहरलाल के नेतृत्व में वाली हरियाणा सरकार ने पहली बार वर्ष 2016 में ऐसे 891 लोगों को चिह्नित करके ताम्र पत्र देकर सम्मानित किया, जिन्होंने आपातकाल के दौरान जेल काटी थी। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र मदान, डॉ. संजय सेहरा, संजीव वलेचा, अमित जैन, प्रवेश आंतिल आदि मौजूद रहे।