सीआरपीएफ कैंप में जवानों ने लगाए 3 हजार पौधे
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) कैंप खेवड़ा में रविवार को ग्रुप केंद्र के उप- महानिरीक्षक डीएस ग्रेवाल के नेतृत्व में पौधारोपण किया गया।
जागरण संवाददाता, सोनीपत: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) कैंप खेवड़ा में रविवार को ग्रुप केंद्र के उप- महानिरीक्षक डीएस ग्रेवाल के नेतृत्व में पौधारोपण किया गया। इस दौरान नीम, जामुन, पीपल, बरगद के करीब 3000 पौधे केंद्र परिसर में लगाए गए।
केंद्र 25 हजार पौधे लगाए जाने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। सीआरपीएफ कैंप खेवड़ा ग्रुप केंद्र के उप-महानिरीक्षक डीएस ग्रेवाल के निर्देशन में पिछले एक माह से पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। कैंप परिसर के साथ-साथ आसपास के गांवों में भी पौधारोपण किया जा रहा है, जिसमें ग्रामीणों का भी सहयोग मिल रहा है।
उप-महानिरीक्षक डीएस ग्रेवाल ने कहा कि पौधारोपण समय की मांग है। हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका पूर्ण संरक्षण करना चाहिए, ताकि पौधा एक वृक्ष का रूप धारण कर सके। पर्यावरण संरक्षण के तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के महानिदेशालय दिल्ली ने खेवड़ा कैंप को 25 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य दिया है।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य की ओर सफलतापूर्वक बढ़ रहे हैं। लक्ष्य के तहत 50 फीसद पौधारोपण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण देश के लिए गंभीर विषय है। सबकी यह जिम्मेदारी बनती है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए हर संभव प्रयास करें। साथ ही उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता में वन विभाग के अधिकारियों व ग्राम पंचायत खेवड़ा का सहयोग सराहनीय है।