संशोधित- टूटी चारपाई को मंत्री ने तीन घंटे में बदलवाया, नए पलंग और बिस्तर भी लगे
महज पांच टूटी-फूटी चारपाई। तीन बदहाल कूलर ये हालत डबवाली की अ
संवाद सहयोगी, डबवाली:
महज पांच टूटी-फूटी चारपाई। तीन बदहाल कूलर, ये हालत डबवाली की अनाज मंडी स्थित किसान विश्राम गृह की सामने आई। सोमवार को किसानों ने विश्राम गृह में बदहाल व्यवस्था का नजारा जगजाहिर किया। कुछ ही देर में मामला सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेश के कृषि मंत्री ओपी धनखड़ के संज्ञान में आ गया। फिर क्या था, व्यवस्था से नाराज मंत्री ने जवाब तलब कर टूटी चारपाई व बिस्तर तक बदलने के आदेश जारी किए। इसके बाद यहां नये बिस्तर भी लगा दिए गये।
किसान जसवीर सिंह भाटी, अमरीक बिश्नोई, मिट्ठू कंबोज, सुरेश पूनियां, अमरीक बिश्नोई के अनुसार डबवाली अनाज मंडी में हजारों किसान गेहूं तथा सरसों लेकर पहुंचते है। कई रातें उन्हें यहां बितानी होती है। सरकार ने किसानों के विश्राम के लिए ए ब्लॉक में किसान विश्राम गृह का निर्माण करवाया है। यहां किसानों के लिए महज पांच चारपाई है, हालात इतनी खस्ता है कि लेटना तो दूर किसान बैठ नहीं सकता। तीन कूलर रखे गए है, उनकी हालत ऐसी है कि ठंडी हवा देना तो दूर चलाया ही नहीं जा सकता। यह सब प्रशासनिक लापरवाही के कारण है। विश्राम गृह में वीआइपी कमरों का प्रयोग अधिकारी करते हैं। वहां वीआइपी व्यवस्था है। जबकि अन्नदाता के लिए टूटी चारपाई ही रखी गई। किसानों ने लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। -------
तीन घंटे में बदल गयी तस्वीर
यहां के खराब हालत की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो मंत्री तक भी तस्वीरें पहुंच गई। इसके बाद सिरसा में विभाग के अधिकारियों से जवाब मांगा गया। मंत्री ने नाराजगी जाहिर की और कहा कि अब यह व्यवस्था तुरंत बदले। इसके बाद यहां नई चारपाई लगाई गयी और बिस्तर भी नये लगा दिए गये। इसकी फोटो खुद मंत्री ने सोशल मीडिया पर ही जारी किए। यहां तक की खराब कूलर भी वहां से हटा दिया गया।
-----
यहां एक चारपाई का निवार टूटा हुआ था। आज ही मामला संज्ञान में आया। इसके बाद चारपाई को बदलाव दिया गया है और नये बिस्तर लगाए गये है। कूलर खराब थे उन्हें वहां वैसे ही रखा गया था जो अब हटा दिये गये है।
दिलावर सिंह बैनीवाल मार्केट कमेटी सचिव