वादे को छह माह बीत गए, सरकार ने एक मांग पूरी नहीं की
हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी कर्मचारी संघ से संबंधित जन स्वास्थ्य शाखा
संवाद सहयोगी, डबवाली :
हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी कर्मचारी संघ से संबंधित जन स्वास्थ्य शाखा व सिचाई शाखा की संयुक्त बैठक मुख्य जलघर पर प्रधान धर्मेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई। इसमें सभी फील्ड कर्मचारियों ने भाग लिया। यह बैठक 19 जून को जिला प्रदर्शन व धरने की तैयारियों को लेकर हुई।
सचिव रामचंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ विगत 4 जनवरी को हरियाणा राज्य कर्मचारी संघ की विभिन्न मांगों को लेकर बैठक हुई थी। इसमें मुख्यमंत्री ने कई मांगों को लागू करने पर सहमति जताई थी लेकिन 6 माह बीत जाने के बावजूद भी मुख्यमंत्री ने एक भी मांग को पूरा नहीं किया। इस कारण प्रदेश भर के कर्मचारियों में वर्तमान सरकार के खिलाफ गुस्सा व भारी रोष है। सरकार की इस टालमटोल की नीतियों को लेकर प्रदेश के तमाम जिलों पर जिला प्रदर्शन व धरने आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत मांगों से संबंधित ज्ञापन उपायुक्तों के माध्यम से सीएम को भिजवाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसे लेकर 19 जून की तैयारियां बड़े स्तर पर की जा रही हैं।
उन्होंने मांगों के बारे में जानकारी देते हुए बताया सभी प्रकार के कच्चे कर्मियों को पक्का करना, मृतक कर्मचारी के वारिसों को नौकरी देना, पुरानी पेंशन का लाभ देना, सभी तकनीकी कर्मचारियों को 1 मई 1990 से 1200-2040 का वेतनमान देना, कच्चे कर्मियों को श्रम विभाग हरियाणा के आदेशानुसार वेतन का भुगतान करना, निजीकरण व ठेकेदारी प्रथा पर रोक लगाना, रिक्त पड़े पदों पर पदोन्नति करना, नियमित भर्ती करना आदि मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर प्रधान धर्मेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष रामचंद्र, वरिष्ठ उपप्रधान सोहन लाल व सचिव बलबीर सिंह मौजूद थे।