विद्यार्थियों का सामान्य ज्ञान बढ़ाने के लिए स्कूलों की दीवारों पर होगी पेंटिग
जागरण संवाददाता सिरसा सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का सामान्य ज्ञान बढ़ाने के
जागरण संवाददाता, सिरसा : सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का सामान्य ज्ञान बढ़ाने के लिए ध्यान दिया जाएगा। जिससे विद्यार्थियों की प्रतियोगिता के लिए अच्छे से तैयारी हो सके। इसको लेकर शिक्षा विभाग ने दीवारों पर सामान्य ज्ञान संबंधी जानकारी अंकित करवाई जाएगी। स्कूलों की दीवारों से ही देश व दुनिया की महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी। शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को सामान्य ज्ञान की जानकारी दीवारों पर अंकित करवाने के लिए निर्देश जारी किए हैं। सरकारी स्कूलों में अभी कोविड-19 के चलते अवकाश घोषित किया हुआ है।
....
दीवारों पर अंकित करवाई जाएगी ये जानकारी
सरकारी स्कूलों में दीवारों पर संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों के नाम जैसे राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, मुख्यमंत्री अन्य प्रमुख मंत्री, मंत्रालयों के मुख्य न्यायाधीश, प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी, देश दुनिया की अन्य महत्वपूर्ण जानकारी, प्रदेश, देश व विदेशों के नक्शे दीवारों पर चित्र सहित अंकित करवाए जाएंगे। स्कूलों में समय-समय पर सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों का जहां सामान्य ज्ञान बढ़ेगा। इसी के साथ साथ प्रतिस्पर्धा की अच्छे से तैयारी हो सकेगी।
-------
नोटिस बोर्ड पर होगी दैनिक जानकारी
सरकारी स्कूलों में नोटिस बोर्ड को दुरुस्त कर इस पर दैनिक जानकारियां महत्वपूर्ण संदेश चस्पा किया जाना जरूरी है। ताकि विद्यार्थी इन्हें देख स्वयं को अपडेट रख सकें। इसको लेकर स्कूल मुखिया की प्रतिदिन अपडेट करने की जिम्मेदारी होगी। शिक्षा विभाग के अधिकारी समय-समय पर स्कूलों का निरीक्षण करेंगे। जिसमें स्कूलों के अंदर नोटिस बोर्ड को भी देखा जाएगा कि अपडेट किया है या नहीं।
----
सरकारी स्कूलों में दीवारों पर महत्वपूर्ण जानकारी अंकित की जाएगी। इससे स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को सामान्य ज्ञान की जानकारी रहेगी।
संत कुमार बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी ।