मास्क न लगाने की लापरवाही पड़ सकती है भारी
कोविड 19 के केस फिर से बढ़ने लगे हैं। सिरसा में शनिवार को 17 पॉजिटिव केस सामने आए।
जागरण संवाददाता, सिरसा :
कोविड 19 के केस फिर से बढ़ने लगे हैं। सिरसा में शनिवार को 17 पॉजिटिव केस सामने आए। कोरोना केस बढ़ने पर भी लोग लापरवाही बरत रहे हैं। शहर में जगह-जगह लोग बिना मास्क के नजर आ रहे हैं और न ही शारीरिक दूरी का ख्याल रख रहे हैं। शहर में बिना मास्क घूमने पर यातायात पुलिस ने 50 व राजकीय रेलवे पुलिस ने 5 व्यक्तियों के चालान काटे। इसी के साथ मास्क पहनने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।
महिला कॉलेज का एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण
बरनाला रोड स्थित राजकीय महिला कालेज व राजकीय नेशनल कालेज का एसडीएम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई विद्यार्थी बिना मास्क मिले, जिस पर उन्हें मास्क पहनने के निर्देश दिए। कक्षाओं व पुस्तकालय में जाकर एसडीएम जयवीर यादव ने विद्यार्थियों शारीरिक दूरी बनाकर बैठने के लिए कहा गया। इसी के साथ कोविड-19 नियमों की पालना के लिए जागरूक किया गया। विद्यार्थियों व स्टाफ सदस्यों को मास्क पहनने व नियम पालना के लिए समझाया गया है। साथ ही विद्यार्थियों से घर जाने के बाद स्वजनों, आस-पड़ोस के बुजुर्गों व बीमार लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
20 फीसद ही मिले मास्क पहने
समय दोपहर 1:30 बजे, स्थान शहीद भगत सिंह चौक
शहीद भगत सिंह चौक के पास से लोग गुजर रहे थे। यहां से गुजर रहे लोगों में 20 फीसद ही मास्क पहने हुए थे। इसी के साथ शारीरिक दूरी का भी कोई ध्यान नहीं रखा जा रहा था। इसी के साथ दुकानों में बैठे दुकानों ने भी मास्क नहीं लगाए हुए थे। इसी दौरान जैसे ही पुलिस कर्मचारी चौक के समीप पहुंचे। पुलिस टीम को देखकर कई लोग जरूर मास्क पहनते हुए नजर आए। पुलिस कर्मचारी मास्क पहनने के लिए लोगों से बार-बार अनुरोध करते भी दिखे।