टोल प्लाजा जाम होने से 14 घंटे तक नहीं चली लंबे रूट की बसें, यात्री भटके
सिरसा रोहतक में गत दिवस हुए लाठीचार्ज के विरोध में किसानों द्वारा भावदी
जागरण संवाददाता, सिरसा : रोहतक में गत दिवस हुए लाठीचार्ज के विरोध में किसानों द्वारा भावदीन व खुइया मलकाना टोल पर जाम लगा दिया। इससे रोडवेज विभाग की 14 घंटे तक लंबे रूट की बसें बाधित रही। बस स्टैंड से सुबह तड़के चंडीगढ़ व दिल्ली रूट पर बसें नहीं भेजी गई। किसानों द्वारा शाम तीन बजे जाम खोले जाने पर रविवार दोपहर बाद ही बसों का आवागमन फिर से शुरू हुआ। इससे यात्रियों ने राहत की सांस ली।
इससे पहले बस स्टैंड में सुबह से ही यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी। बस नहीं चलने से यात्री परेशान नजर आए। बस स्टैंड में बार बार बसें नहीं चलने की यात्रियों को सूचना भी दी गई।
----
लोकल रूट पर चली बसें
किसान आंदोलन के चलते टोल प्लाजा बंद होने से चंडीगढ़, दिल्ली, रोहतक, कैथल, हिसार, झज्जर पर बसें नहीं भेजी गई। इससे यात्रियों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। सिरसा से राजस्थान के हनुमानगढ़, गंगानगर, भादरा, नोहर रूट पर बसें चल रही है। इसी के साथ ऐलनाबाद, रानियां व अन्य लोकल रूट पर बसें भेजी जा रही है। यात्री दीपक कुमार ने बताया कि रोहतक में किसी कार्यवश जाना था। बस स्टैंड में आने के बाद पता चला कि बसें नहीं चल रही है। यात्री सुनीता व सरोज ने बताया कि चंडीगढ़ में रिश्तेदारी में शादी समारोह में जाना था। अब बसें नहीं चल रही है। इससे शादी समारोह में समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं।
-------
दूसरे रास्ते से गुजरते रहे वाहन
सिरसा में डबवाली नेशनल हाइवे पर खुइया मलकाना व सिरसा से हिसार रोड पर भावदीन टोल प्लाजा पर किसानों ने जाम लगाया हुआ था। इससे वाहन दूसरे रास्ते से होकर गुजरते रहे। किसानों के विरोध के चलते जगह जगह पुलिस बल तैनात किया हुआ था। पुलिस कर्मचारी भी वाहनों को दूसरे रूट से निकालने में मदद करते हुए नजर आए।
----
तीन बजे शुरू हुआ आवागमन
शाम तीन बजे टोल प्लाजा से जैसे जाम हटाने की रोडवेज विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली इसके बाद सिरसा डिपो से लंबे रूट की बसों को रवाना किया जाने लगा। बस स्टैंड से सबसे पहले दिल्ली, कैथल, हिसार व डबवाली बसें भेजी गई। इसके बाद दूसरे लंबे रूट पर बसों का आगमन शुरू हो गया। बसों के चलने से सुबह से इंतजार कर रहे यात्रियों ने राहत की सांस ली।
----
टोल प्लाजा पर जाम होने से बसों को रोक दिया गया। जैसे टोल प्लाजा से जाम हटाया गया लंबे रूट पर बसों का आवागमन शुरू करवा दिया गया। राजस्थान व लोकल रूट पर बसें निर्धारित समय पर चलाई गई।
- खूबराम कौशल, जीएम, सिरसा डिपो।