मेरे पास 10 विधायक होते तो पद नहीं लेता जनता से किए वायदे पूरे करवाता : अभय सिंह
जागरण संवाददाता सिरसा इनेलो नेता चौ. अभय सिंह चौटाला ने कहा कि अगर उनके पास दस विधायक
जागरण संवाददाता, सिरसा :
इनेलो नेता चौ. अभय सिंह चौटाला ने कहा कि अगर उनके पास दस विधायक होते और मैं सरकार बनवाता तो सीएम का पद नहीं लेता बल्कि पहले जो वायदे किए, दीवारों पर लिखवाए, उन्हें पूरा करवाता। अभय चौटाला ने कटाक्ष करते हुए कहा कि इन्होंने तो चौ. देवीलाल की नीतियों को गिरवी रख दिया, ताकि उनका दाव लग सके। उन्होंने लाखों लोगों के साथ विश्वासघात किया है। वादा करते थे 5100 रुपये पेंशन देंगे, किसानों का कर्जा माफ करेंगे, गरीब की बेटी को पांच लाख कन्यादान देंगे, कोई भी वादा पूरा नहीं किया। वे बुधवार शाम को डबवाली रोड स्थित इनेलो कार्यालय में जिला के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
अभय सिंह ने कहा कि वे प्रदेश के 21 जिलों में होकर आए है। इनेलो कार्यकर्ताओं की बैठकों में लोग उमड़ रहे हैं, कार्यकर्ताओं में उत्साह है। इन बैठकों को सोशल मीडिया पर विपक्षी दल भी लाइव देख रहे हैं। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि लॉकडाउन में सरकार ने गरीब, मजदूरों की परेशानियां बढ़ा दी। प्रदेशभर के लोगों से मिलकर आया हूं, कहीं कोई ऐसा नहीं मिला, जिसे सरकार ने राशन उपलब्ध करवाया हो। अभय सिंह ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान अधिकतर समय सिरसा में रहा, यहां राहुल सेतिया, गोकुल सेतिया, राजकुमार शर्मा, गोपाल कांडा और सामाजिक संस्थाओं ने गरीबों को राशन वितरित करवाया। सरकार की तरफ से एक किलो दाना नहीं दिया गया। दुष्यंत चौटाला पर कटाक्ष करते हुए कहा कि खाद्य आपूर्ति विभाग भी म्हारे वाले के पास है लेकिन जरूरतमंद की मदद नहीं की। लॉकडाउन के दौरान शराब के गोदामों की दीवारें तोड़कर शराब बेच दी, जिनको एक्साइज डिपार्टमेंट ने सील किया हुआ था। उन्होंने कहा कि कोरोना के उपचुनाव में बरोदा में कार्यकर्ता पूरी ताकत झोंक दें और सरकार की गलत नीतियों को उजागर करें।