किसान बोले चार माह का राशन लेकर दिल्ली करेंगे कूच
- रामलीला मैदान में कृषि कानूनों के खिलाफ डालेंगे डेरा - कर्मचारियों की ओर से भी राष्ट्र
- रामलीला मैदान में कृषि कानूनों के खिलाफ डालेंगे डेरा
- कर्मचारियों की ओर से भी राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी
चित्र : 08 और 09
जागरण संवाददाता, सिरसा : कृषि कानूनों के खिलाफ और विभिन्न मांगों को लेकर किसान व कर्मचारी 26 नवंबर को देशव्यापी हड़ताल करेंगे। कृषि कानूनों के खिलाफ पक्का मोर्चा किसान बीते 47 दिनों से शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम के समक्ष धरने पर बैठे है। वहीं किसानों का कहना है कि डेरा डालो घेरा डालो मिशन के तहत अब किसान दिल्ली कूच करेंगे। दिल्ली रामलीला मैदान में धरना देने के लिए वह चार माह का राशन भी साथ लेकर पहुंचेंगे।
वहीं दूसरी तरफ कर्मचारियों ने रोडवेज के चक्के को जाम करने, सरकारी कार्य को बंद रखने का भी ऐलान किया है। राष्ट्रव्यापी हड़ताल के चलते कोई भी सरकारी कार्य नहीं किया जाएगा। राष्ट्रव्यापी हड़ताल में 100 से अधिक संगठन समर्थन करेंगे। जबकि रोडवेज का चक्का पूरी तरह से जाम रहेगा।
------
किसानों ने 10 टीमें बना गांवों में चलाया अभियान
डेरा डालो घेरा डालो मिशन के तहत किसानों ने 10 टीमें तैयार कर गांवों में जागरूक अभियान चलाया जा रहा है। वहीं किसान नेता प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा ने बताया कि सभी टीमें हर रोज अलग-अलग गांवों में किसानों को एकत्र कर दिल्ली कूच करने के लिए तैयार कर रही है। मिशन के तहत किसान दिल्ली के लिए 26 नवंबर को रवाना होंगे।
राष्ट्रव्यापी हड़ताल में रोडवेज का चक्का रहेगा जाम: राम कुमार
26 नवंबर को कर्मचारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में सिरसा रोडवेज का चक्का पूरी तरह से जाम रहेगा। वहीं रोडवेज तालमेल कमेटी सदस्य राम कुमार चुरनियां ने कहा कि रोडवेज के साथ-साथ अन्य सभी विभागों के कर्मचारियों की मांगों को सरकार की ओर से पूरा नहीं किया जा रहा। इसके लिए कई बार धरना प्रदर्शन भी कर चुके है लेकिन मांगों को सरकार की ओर से अनदेखा कर दिया जाता है। इस कारण सभी कर्मचारी राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होंगे।