किसानों की रिहाई की मांग को लेकर किसान जेल मंत्री आवास का करेंगे घेराव
कृषि कानूनों के विरोध में 53 दिनों से किसानों का लगातार धरना जार
जागरण संवाददाता, सिरसा : कृषि कानूनों के विरोध में 53 दिनों से किसानों का लगातार धरना जारी है। बीती 23 नवंबर की रात को किसानों धरने से पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया था। लेकिन पांच दिन बीतने के बाद भी किसानों को रिहा नहीं किया गया। ऐसे में धरना दे रहे किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसानों को रविवार तक रिहा नहीं किया जाता तो रविवार दोपहर बाद सभी किसान जेल मंत्री के आवास का घेराव करने पर मजबूर होंगे।
शनिवार को पक्का मोर्चा धरना स्थल पर धरना दे रहे किसान नेता गुरदीप सिंह, लक्खा सिंह अलीकां, नायब सिंह मलड़ी, गुरप्रीत सिंह व गुरदीप सिंह मल्लेकां ने बताया कृषि कानूनों के विरोध में उनका शांतिपूर्वक धरना चल रहा था। लेकिन पुलिस ने हरियाणा किसान मंच के अध्यक्ष प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा, किसान एकता संगठन अध्यक्ष एसपी सिंह व गुरप्रेम सिंह को धरना स्थलों से हिरासत में लिया था। जिसके पश्चात वह रिहाई की मांग को लेकर अधिकारियों से बातचीत भी कर रहे है लेकिन उनको कोई भी समाधान दिखाई नहीं दिया गया। जिसके कारण जिलाभर के किसानों में रोष फैल रहा है, अगर तीनों किसानों को तुरंत प्रभाव से नहीं छोड़ा, तो रविवार को किसान बिजली मंत्री रणजीत सिंह की कोठी की ओर कूच करेंगे। इस दौरान पुलिस की नाकेबंदी तोड़कर आगे बढ़ेंगे। जिसकी जिम्मेदारी सरकार व जिला प्रशासन की होगी। अन्यथा उनके साथी किसानों को तुरंत रिहा किया जाए। किसान नेता ने कहा कि किसान शांतिपूर्वक तरीके से आंदोलनरत हैं, लेकिन उनके साथी किसानों को हिरासत में लेकर व केस दर्ज करके आंदोलन को भड़काने का काम कर रही है।