दुष्यंत बोले- नगर निगम चुनाव में किसी पार्टी को नहीं देंगे समर्थन
नवगठित जननायक जनता पार्टी के नेता एवं सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि नगर निगम चुनावों में उनकी पार्टी किसी को भी समर्थन नहीं देगी।
जेएनएन, सिरसा। नवगठित जननायक जनता पार्टी के नेता एवं सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि नगर निगम चुनावों में उनकी पार्टी किसी को भी समर्थन नहीं देगी। यहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी की कार्यकारिणी जल्द घोषित की जाएगी। उनका लक्ष्य नए साल से पहले पार्टी की कार्यकारिणी बनाने का है। इसके बाद प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी से युवाओं, महिलाओं और अन्य लोगों को जोड़ने के लिए विशेष मुहिम चलाई जाएगी। अर्जुन चौटाला द्वारा पार्टी से विश्वासघात किए जाने संबंधी दिए गए बयान पर दुष्यंत ने कहा कि यह तो निष्कासन करने वाले बताएं कि विश्वासघात किसने किया है।
पांच राज्यों के चुनाव परिणामों पर दुष्यंत ने कहा कि इनमें कांग्रेस को व्यापक जनसमर्थन नहीं मिला है। चुनाव परिणामों से स्पष्ट है कि आम जनता का रुझान क्षेत्रीय दलों के पक्ष में है। बसपा प्रमुख मायावती के कांग्रेस को दिए जाने के मुद्दे पर दुष्यंत ने कहा कि अब अशोक अरोड़ा और इनेलो बताए वह किसके लिए वोट मांगेंगे। कांग्रेस को गालियां देने वाले अब क्या कांग्रेस की सहयोगी पार्टी के साथ खड़े होंगे। जनता एेसे लोगों से जवाब मांगेगी।