महिला का वीडियो वायरल करने पर केस दर्ज, आरोपितों की तलाश में छापामारी
नग्न अवस्था में महिला की पीटते हुए वीडियो बना वायरल करने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया।
संवाद सहयोगी, डबवाली :
नग्न अवस्था में महिला की पीटते हुए वीडियो बना वायरल करने के मामले में महिला थाना पुलिस ने वार्ड नंबर 7 के पूर्व पार्षद समेत तीन लोगों को नामजद करते हुए 8-10 अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़िता डबवाली के एक गांव में विवाहित है।
महिला ने शिकायत में कहा है कि 10 जुलाई दोपहर बाद वह अपने परिचित के घर जा रही थी। रास्ते में उसे जानकार महिला मिली। वह उसे अपने घर ले गई। इसी दौरान प्रेमनगर निवासी पूर्व पार्षद अशोक कुमार, सुनील कुमार तथा लखवीर सिंह, 8-10 अन्य मौके पर पहुंचे। आते ही उसे डराने धमकाने लगे। आरोपितों ने नाजायज संबंध बनाने के लिए कहा। उसने इंकार किया तो हथियारों के बल पर आरोपितों ने कपड़े उतारकर छेड़छाड़ शुरू कर दी। उसका वीडियो बनाया। पीड़िता का कहना है कि आरोपित दो अन्य लड़कों को उसके पास ले आए। उनमें से एक का उसके साथ नग्न अवस्था में वीडियो बना लिया। वीडियो को सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी दी।
पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपित उसे डरा धमका रहे हैं। पुलिस ने आइटी एक्ट, एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करके मामले की जांच शुरु कर दी है।
महिला के बयान दर्ज करने के बाद उसका मेडिकल करवाया गया है। वायरल वीडियो को कब्जे में ले लिया गया है। सोमवार को उसके 164 के बयान दर्ज करवाए जाएंगे। आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापामारी शुरू कर दी गई है।
-डीएसपी कुलदीप बैनीवाल, डबवाली