जागरण संवाददाता, सिरसा : नियमित किए जाने व अन्य मांगों को लेकर स्वास्थ्य विभाग के एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को 23वें दिन में पहुंच गई। बुधवार को 67 और हड़ताली कर्मचारी ड्यूटी पर लौट आए। ड्यूटी पर आने वाले कुल कर्मचारियों की संख्या 192 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिला में कुल 592 एनएचएम कर्मचारी है। 400 कर्मचारी अभी भी हड़ताल पर है। हड़ताल के 23वें दिन एनएचएम कर्मचारियों ने ग्रीन बेल्ट पार्क में धरना दिया। नागरिक अपताल परिसर के इर्द गिर्द जिला प्रशासन ने धारा 144 लागू कर रखी है। हड़ताली कर्मचारियों ने बताया कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। हड़ताल को सर्व कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मदन लाल खोथ, अशोक पटवारी, बिजली कर्मचारी यूनियन से राजेश भाकर ने समर्थन दिया। दिनभर रही हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ एक्शन की अफवाह
बुधवार को हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ विभाग द्वारा एक्शन लिये जाने की अफवाहें भी फैली रही। अस्पताल परिसर में चर्चाएं थी कि बुधवार को हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ विभाग एक्शन ले सकता है। बुधवार प्रात: कुछ हड़ताली कर्मचारी ड्यूटी पर वापस भी लौटने के लिए आए परंतु कर्मचारी नेता उन्हें मान मनोव्वल कर उन्हें वापस धरना स्थल पर ले गए। मुख्यालय से आदेश आने पर होगी हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई
बुधवार को 67 हड़ताली कर्मचारी ड्यूटी पर लौट आए हैं। अब तक जिला में कुल 192 कर्मचारी ड्यूटी पर आ चुके हैं तथा 400 कर्मचारी हड़ताल पर है। हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए अभी तक मुख्यालय से आदेश नहीं आए हैं।
- डा. वीरेश भूषण, डिप्टी सीएमओ
सिरसा में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे