20 से 30 फीसद वाहन चालक ही लगा रहे मास्क, उनमें भी किसी के ठोढ़ी तो किसी की नाक के नीचे
सिरसा समय दोपहर के 12 बजे स्थान सांगवान चौक। शहर का मुख्य चौक होने के
जागरण संवाददाता, सिरसा : समय दोपहर के 12 बजे, स्थान सांगवान चौक। शहर का मुख्य चौक होने के कारण यहां हर समय आवाजाही अधिक रहती है। इसी रोड पर शहर के अधिकतर निजी अस्पताल भी है। ऐसे में संक्रमण का खतरा और ज्यादा है। इसके बावजूद बड़ी तादाद में वाहन चालकों के चेहरों पर मास्क दिखाई नहीं दिये। करीब आधा घंटे में इस चौक से 250 दुपहिया तथा 100 चार पहिया वाहन गुजरे लेकिन उनमें से मुश्किल से 70 से 80 वाहन चालक ही होंगे जिन्होंने मास्क लगाया हुआ था। मास्क लगाने में भी लापरवाही दिखी। मास्क किसी के ठोढ़ी के नीचे तो किसी के नाक के नीचे तक ही था जबकि जरूरी है की नाक अच्छी तरह कवर हो। चौक पर तैनात पुलिस कर्मी को देख झट वाहन चालक मास्क ऊपर करते दिखाई दिये। चार पहिया वाहनों में अधिकतर लोग बिना मास्क के ही दिखाई दिये। वाहन में चाहे अकेली सवारी थी अथवा पूरा परिवार। इस रास्ते से अस्पताल से लौटने वाले लोगों के चेहरों पर मास्क अवश्य दिखाई दिए। ------------- समय दोपहर 1 बजे, स्थान बाबा बंदा सिंह बहादुर चौक या लालबत्ती चौक। दोपहर के समय स्कूल कॉलेजों की छुट्टी के साथ ही बड़ी संख्या में युवा इस रास्ते से निकली। यहां भी कमोवेश यही स्थिति देखने को मिली। इतना फर्क अवश्य दिखा कि गर्मी बढ़ने के कारण लड़कियां मुंह पर दुपट्टा बांधे नजर आई। जिससे वे संक्रमण के साथ साथ धूप से भी बचाव कर सकती है। आधा घंटे की अवधि में यहां से 250 के करीब वाहन गुजरे, जिनमें से 80 वाहन चालक मास्क लगाए नजर आए। इसका बड़ा कारण अधिकतर का स्टुडेंट होना साथ ही इस चौक पर हमेशा यातायात पुलिस भी तैनात रहती है। संक्रमण की बजाय चालान के बचने के लिए लोग मास्क का ज्यादा प्रयोग करते है। -------- समय दोपहर डेढ़ बजे, स्थान सुभाष चौक। शहर के बीचोंबीच स्थित इस चौक पर अधिक आवाजाही रहती है। यहां से लोग रोड़ी बाजार, मोहंता मार्केट, सदर बाजार इत्यादि में खरीदारी के लिए आते है। शहर की मुख्य मार्केट होने के कारण दोपहर के समय भी खासी भीड़ दिखी। लेकिन हर कोई बिना मास्क के। 10 फीसद से भी कम लोग मास्क लगाए नजर आए। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं रही। बाजार के दुकानदार भी बिना मास्क लगाए ही दुकानों पर बैठे है। बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे यहां खरीदारी करने आते है। लेकिन चंद ही मास्क लगाए दिखाई दिये। हालांकि चौक के निकट तैनात होमगार्ड जवान जरूर मास्क पहने दिखाई दिये।