युवा कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ भाजपा सरकार का पुतला फूंका
युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को आंबेडकर चौक स्थित कांग्रेस भवन में बैठक का आयोजन कर पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों व तीन कृषि कानूनों को रद न करने की हठधर्मिता के खिलाफ केंद्र की भाजपा सरकार का पुतला फूंका।
जागरण संवाददाता, रोहतक:
युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को आंबेडकर चौक स्थित कांग्रेस भवन में बैठक का आयोजन कर पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों व तीन कृषि कानूनों को रद न करने की हठधर्मिता के खिलाफ केंद्र की भाजपा सरकार का पुतला फूंका।
दीपक चोटीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा करके आम आदमी का जीवन मुश्किल कर रही है। बार-बार बढ़ रहे पेट्रोलियम पदार्थों के दाम व रसोई गैस सब्सिडी समाप्त कर भाजपा सरकार पूरी तरह से जनविरोधी कार्य कर रही है। सरकार ने रसोई गैस की सब्सिडी भी लगभग समाप्त कर सिलेंडर की कीमत 700 रुपये कर दी है। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सचिन कुंडू ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले दो महीनों से किसानों को खुले आसमान के नीचे मरने के लिए छोड़ रखा है। भाजपा अपनी दमनकारी नीतियों से देश के किसानों को मजदूर बनाने की साजिश रच रही है। पूरे देश की जनता किसानों के साथ है। इस मुद्दे पर सरकार को मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा। जिलाध्यक्ष रोमी ग्रेवाल ने कहा कि प्रदेश में युवा वर्ग बेरोजगारी की समस्या से त्रस्त है। पढ़-लिखकर हासिल करने के बावजूद भी काम के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहा है, लेकिन रोजगार के अवसर उपलब्ध नहीं हैं। जिस वजह से वह लगातार अपराध के दलदल में फंसता जा रहा है। जिसकी पूरी तरह से जिम्मेदारी भाजपा सरकार की है। इसलिए हम ऐसी दमनकारी भाजपा का पुतला जला रहे हैं। बैठक की अध्यक्षता युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन कुंडू ने की जबकि संचालन जिलाध्यक्ष रोमी ग्रेवाल ने किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से लाला प्रधान, शक्ति, तेजस, विक्की, महेंद्र, सतीश, अजय, काला बड़क, काला सहरावत सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।