Haryanvi Singer Mamta murder case में आया फैसला, दोषी मोहित को उम्रकैद
Haryanvi Singer Mamta murder case में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने एक दोषी को उम्रकैद व दूसरे को ढाई वर्ष कैद की सजा सुनाई है।
जेएनएन, रोहतक। Haryanvi Singer Mamta murder case: हरियाणा की सुप्रसिद्ध लोकगायिका ममता हत्याकांड के मामले में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरपी गोयल की कोर्ट ने दो दोषियोंं को सजा सुना दी है। हत्या के दोषी मोहित को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है, जबकि दूसरे दोषी संदीप को ढाई साल की सजा सुनाई गई है। ममता की हत्या जनवरी 2018 में हुई।
गायिका ममता के बेटे भारत ने जनवरी 2018 में पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी मां ममता जागरण में गायिका का काम करती है। वह 14 जनवरी को अपने साथी कलाकार कैलाश कालोनी निवासी मोहित के साथ सुबह करीब साढ़े आठ बजे घर से निकली थी। इसके बाद वह घर नहीं आई। काफी तलाश के बाद भी गायिका का पता नहीं चला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने शक के आधार पर मोहित से पूछताछ की, जिसने हत्याकांड को अंजाम देना स्वीकार किया।
मोहित ने पुलिस को बताया कि संबंधों के चलते गायिका उसे फंसाने की धमकी देती थी। इससे वह परेशान हो चुका था। 14 जनवरी को अपने साथी कैलाश कालोनी निवासी संदीप की कार लेकर गायिका के घर गया था और प्रोग्राम में जाने के लिए दोनों निकले थे। तभी रास्ते में गायिका के साथ उसकी कहासुनी हो गई थी। इसके बाद उसने चाकू से उसके गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी थी।
साथी के साथ मिलकर खेतों में फेंका था शव
गायिका की हत्या करने के बाद आरोपित ने उसके शव को सीट के नीचे फंसा दिया था। रास्ते से अपने दोस्त संदीप को बैठाया। फिर दोनों ने मिलकर शव को बनियानी गांव की तरफ खेतों में फेंक दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मोहित राजस्थान के पुष्कर में जाकर छिप गया था। यह मामला तभी से कोर्ट में विचाराधीन था। शनिवार को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरपी गोयल की कोर्ट ने दोनों आरोपितों को दोषी करार दिया। दोषी मोहित को उम्रकैद की सजा सुनाई गई, जबकि दूसरे दोषी संदीप को ढाई साल की सजा सुनाई गई है।
कलाकारों पर पहले भी होते रहे हैं हमले
बता दें, हरियाणा में पहले भी महिला कलाकारों पर हमले होते रहे हैं। कुछ ही समय में छा गईं इन कलाकारों में से कई की हत्या हो गईं और कुछ निशाने पर रहीं।
- 1 अक्टूबर, 2017 को पानीपत के पास तेजी से उभर रही गायिका हर्षिता दहिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कार सवार हत्यारों ने हर्षिता को गोलियाें से भून डाला।
- रोहतक की ही रहने वाली हरियाणवी गायिका बीनू चौधरी की भी हत्या हुई थी। बीनू की हत्या वर्ष 2012 में गोली मारकर कर दी गई थी। इस हत्याकांड में रोहतक के ही एक युवक का नाम सामने आया था।
- सांपला की प्रसिद्ध गायिका पासी नैय्यर की हत्या भी कई साल पहले कर दी गई थी। उसका शव हसनगढ़ के पास बरामद हुआ था। पासी की हत्या भी गोली मारकर की गई थी।
- हिसार के हांसी की रहने वाली ललिता शर्मा ने बहुत कम दिनों में हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रागिनी गायिका व डांसर के तौर पर अपनी पहचान बना ली थी। उसने बाद में अपने ड्राइवर मोनू शेख के साथ विवाह कर लिया। दोनों मेरठ शहर के ईरा गार्डन कॉलोनी में रहने लगे। वहां उसकी और उसके पति की गला रेतकर हत्या कर दी गई।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें