केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह बोले- भारतीय सेना देगी पुलवामा आतंकी हमले का जवाब
बीरेंद्र सिंह ने कहा कि पुलवामा आतंकी हमले का जवाब भारतीय सेना जरूर देगी। हमले को लेकर देश के लोगों में गुस्सा भी है, जोश भी, दर्द है।
जेएनएन, रोहतक। केंद्रीय इस्पात मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि पुलवामा आतंकी हमले का जवाब भारतीय सेना जरूर देगी। हमले को लेकर देश के लोगों में गुस्सा भी है, जोश भी, दर्द है। वह वैश्य एजुकेशन सोसायटी के स्थापना दिवस समारोह में बोल रहे थे।
चौ. बीरेंद्र सिंह ने कहा कि भारत के पास इतनी ताकत है कि पाकिस्तान उसके सामने टिक नहीं पाएगा। पाकिस्तान पूरी तरह से धर्मअंधता का शिकार है, जबकि भारत तेजी से दुनिया की आर्थिक शक्ति बनने के लिए आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब किसी देश की आर्थिक शक्ति बढ़ जाती है तो वह देश स्वयं ही सैन्य शक्तिशाली देश बन जाता है और दुश्मन देश यह नहीं चाहते कि भारत आर्थिक रूप से शक्तिशाली देश बने, इसलिए ही पुलवामा जैसे आतंकी हमले करवाए जाते हैं।
उन्होंने इंग्लैंड, जापान, दक्षिण कोरिया जैसे छोटे देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि उक्त देश आर्थिक रूप से शक्तिशाली हैं। उन्होंने कहा कि परमाणु हथियारों के इस्तेमाल से विश्व का खतरा पैदा हो सकता है। इसलिए बड़ी ही सूझ-बूझ के साथ निर्णय लेने की जरूरत है। राष्ट्र की एकता और अखंडता की बात करते हुए चौ. बीरेंद्र सिंह ने कहा कि हम सबको धर्म व जाति की दीवारों को तोडऩा होगा। उन्होंने कहा कि अगर भारत में जाति और धर्म आधार पर समाज को न बांटा जाए तो पूरे विश्व में भारत से महान कोई अन्य देश नहीं है।