जमानत पर आकर फरार चल रहे दो सजायाफ्ता कैदी गिरफ्तार
लंबे समय से फरार चल रहे दो सजायाफ्ता कैदियों को सदर थाना और महम थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जागरण संवाददाता, रोहतक : लंबे समय से फरार चल रहे दो सजायाफ्ता कैदियों को सदर थाना और महम थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी शमशेर सिंह ने बताया कि सितंबर 2001 में बालंद गांव निवासी महेंद्र ने गांव में ही एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। इस मामले में आरोपित महेंद्र को दोषी ठहराते हुए जिला अदालत ने 20 साल की सजा सुना रखी है। आरोपित ने सजा के खिलाफ हाई कोर्ट में अपील दायर की और पांच साल सजा काटकर फिर हाई कोर्ट से जमानत पर बाहर आ गया। आरोपित करीब दस साल से फरार चल रहा था। जो साधु के भेष में इधर-उधर घूम रहा था। फिलहाल में वह सोनीपत जिले के रिढाऊ गांव में रह रहा था। मुख्य सिपाही बिजेंद्र की टीम ने छापेमारी करते हुए आरोपित को उसके गांव बालंद से गिरफ्तार कर लिया है। जो यहां पर अपने स्वजनों से मिलने आया था।
इसके अलावा महम थाना पुलिस ने भी वर्ष 2007 में हुए नसीब हत्याकांड के मामले में फरार चल रहे सजायाफ्ता कैदी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी कुलबीर सिंह ने बताया कि इस मामले में मोखराखेड़ी गांव निवासी रमेश को गिरफ्तार किया था। जिला अदालत ने आरोपित को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। चार साल सजा काटने के बाद आरोपित 2011 में हाई कोर्ट से जमानत लेकर बाहर आ गया। इसके बाद वह वापस नहीं गया और फरार हो गया। अब मुख्य सिपाही हरेंद्र की टीम ने आरोपित को महम से गिरफ्तार किया है।