रोहतक पहुंचीं तीन बसें, फिटनेस के बाद शुरू होगा ट्रायल
ईको फ्रेंडली बसों का संचालन करने की कवायद शुरू हो गई है।
जागरण संवाददाता, रोहतक : ईको फ्रेंडली बसों का संचालन करने की कवायद शुरू हो गई है। सोमवार को जालंधर से तीन बस पहुंच गईं। शेष दो बस 15 अप्रैल को रोहतक में पहुंचेंगी। फिटनेस सर्टिफिकेट के बाद बसों के संचालन के लिए ट्रायल शुरू होगा।
रोहद की एक निजी एजेंसी से खरीदी बस जालंधर से पहुंची हैं। जालंधर में बसों में आखिरी चरण का कार्य हुआ। फिलहाल बस सुनारिया चौक स्थित ठेकेदार भीष्म के आवास के निकट खड़ी गई हैं। ठेकेदार भीष्म ने बताया कि बसों का रूट नगर निगम के मेयर मनमोहन गोयल और आयुक्त प्रदीप गोदारा तय करेंगे। पहले छह रूट तय किए गए थे। उन रूट पर भी बदलाव होने के आसार हैं। इन्होंने यह भी बताया कि हमारी कोशिश यही है कि 20-25 अप्रैल तक ट्रायल हो जाए। इन बसों के संचालन के बाद शहर की जनता को सुविधा मिलेगी और सफर भी सुहाना और सुरक्षित होगी। सभी बसों में सीसीटीवी होंगे। नवरात्रे शुरू, इसलिए मुहुर्त भी दिखवाने की योजना
नवरात्रों में बस लाने की योजना थी। फिलहाल बस रोहतक पहुंच चुकी हैं। बताया जा रहा है कि बसों के संचालन के लिए शुभ मुहुर्त का भी इंतजार किया जा रहा है। शुभ मुहुर्त वाले दिन ट्रायल करने की योजना है। संचालन से जुड़े लोगों का कहना है कि कोशिश तो यही है कि निगम के अधिकारी मंजूरी दें तो नवरात्रों में ही ट्रायल कर दिया जाए। इसलिए प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। जल्द से जल्द गाड़ियों की पासिग होते ही शुभ मुहुर्त में ट्रायल के बाद संचालन होगा।