हत्या व जानलेवा हमला करने के अलग-अलग मामलों में तीन गिरफ्तार
पुलिस ने हत्या और जानलेवा हमलों के अलग-अलग मामलों में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गांधी कैंप में ब्लाइंड मर्डर के केस में आरोपित मनोज को गिरफ्तार किया गया।
जागरण संवाददाता, रोहतक : पुलिस ने हत्या और जानलेवा हमलों के अलग-अलग मामलों में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गांधी कैंप में ब्लाइंड मर्डर के केस में आरोपित मनोज को गिरफ्तार किया गया। हैफेड गोदाम के पास युवक पर जानलेवा हमला करने के आरोप में भगवतीपुर निवासी राजवीर को गिरफ्तार कर पुलिस ने अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। नेहरू कालोनी में महिला पर फायर कर फरार होने के आरोपित ओमप्रकाश को रोहद से पुलिस ने गिरफ्तार किया। तीनों मामलों में पुलिस की सीआइए-2 टीम ने सफलता पाई। पहला मामला : ब्लाइंड मर्डर केस में आरोपित मनोज मोरखेड़ी से गिरफ्तार
गांधी कैंप निवासी विजय के ब्लाइंड मर्डर केस में सीआइए-2 ने नौंवे आरोपित को भी गिरफ्तार करने में सफलता पाई। इस मामले में पहले से ही आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उप निरीक्षक नरेश कुमार ने बताया कि 12 अक्टूबर 2020 को गांधी कैंप स्थित किराने की दुकान पर तीन युवकों ने विजय के माथे पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना वाले दिन मृतक का भाई अजय दुकान पर बैठा था। दो आरोपितों ने अजय के सिर पर पिस्तौल तानकर गल्ले के पास रखा थैला उठा लिया जिसमें दो लाख रुपये थे, गल्ले में रखे रुपये, दो मोबाइल व कुछ कागज भी छीन लिए। इतने में पीछे से अजय का भाई विजय आ गया। जैसे ही विजय ने एक आरोपित के कंधे पर हाथ रखा। उसने सीधे विजय के माथे पर गोली मार दी। दोनों युवक कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल लेकर खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गए। गोली लगने से विजय की मौत हो गई। अजय की शिकायत के आधार पर थाना आर्यनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। दूसरा मामला : युवक पर जानलेवा हमला करने का आरोपित राजवीर गिरफ्तार
हैफेड गोदाम के पास मोटरसाइकिल सवार मकड़ौली कलां निवासी रोमिल पर जानलेवा हमले के अरोपित को सीआइए-2 ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर भगवतीपुर निवासी राजवीर उर्फ राजवा को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। तीन दिन की रिमांड पर ले गहनता से जांच की जा रही है। सीआइए-2 प्रभारी उप निरीक्षक नरेश कुमार ने बताया कि आरोपित का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। लूट, डकैती के मामलों में जयपुर जेल में बंद था। वारदात में शामिल मुख्य आरोपित नवीन की मोटरसाइकिल रिपेयर की दुकान है। नवीन ने रोमिल से आठ-नौ माह पहले 12 हजार रुपये उधार लिए थे। 16 अक्टूबर 2020 को रोमिल ने रुपये वापस मांगे इस पर नवीन ने तीन अन्य साथियों के साथ रोमिल पर हैफेड गोदाम के पास चाकू व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। राहगीरों ने युवक को बचाया, आरोपित, रोमिल को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
तीसरा मामला : महिला पर जानलेवा हमले का आरोपित ओमप्रकाश चार दिन के रिमांड पर
नेहरू कालोनी निवासी महिला पर जानलेवा हमले की वारदात में आरोपित ओमप्रकाश उर्फ बल्लू को सीआइए-2 ने रोहद से गिरफ्तार किया। आरोपित को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। शहर थाना प्रभारी राकेश ने बताया कि आरोपित ने 23 मार्च की रात को युवती पर फायर किया व फरार हो गया था।