सुनील शेट्टी ने कहा, दुष्कर्मियों को मिलनी चाहिए फांसी की सजा
स्टार सुनील शेट्टी, महिमा चौधरी, यशपाल शर्मा, गुलशन ग्रोवर व पहलवान योगेश्वर दत्त मैराथन में हिस्सा लेने पहुंचे। इस दौरान शेट्टी ने कहा कि दुष्कर्मियों को फांसी मिलनी चाहिए।
जेएनएन, रोहतक। बॉलीवुड स्टार सुनील शेट्टी ने कहा कि बच्चियों से दुष्कर्म करने वालों को सीधे तौर पर फांसी मिलनी चाहिए। ऐसे कुकृत्य करने वालों के लिए समाज में कोई जगह नहीं हैं। गुलशन ग्रोवर ने भी सुनील शेट्टी की पैरवी करते हुए कहा कि जो बेटियों को सम्मान नहीं दे सकते, उन्हें समाज में रहने लायक नहीं हैं।
महिमा चौधरी ने कहा कि बेटियों को केवल बचाना ही नहीं, बल्कि उनका सम्मान करना भी जरूरी होता है। उन्होंने युवाओं से हरियाणा को महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित राज्य बनाने का आह्वान किया। उक्त तीनों बॉलीवुड हस्ती रविवार को रोहतक में आयोजित मिनी मैराथन में शामिल होने पहुंचे थे। इनके अलावा मैराथन में अभिनेता यशपाल शर्मा और ओलंपियन पहलवान योगेश्वर दत्त ने भी शिरकत की।
मिनी मैराथन में दौड़ते अभिनेता गुलशन ग्रोवर, अभिनेत्री महिमा चौधरी व अन्य।
सुनील शेट्टी ने कहा कि मैं भी बच्चों के लिए एक एनजीओ चला रहा हूं और खुद एक एक्शन हीरो हूं। मगर कोई इस तरह के कृत्य कैसे कर सकता है। उन्होंने कहा कि आज बेटियों पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। योगेश्वर ने कहा कि ये खुशी की बात है कि हरियाणा खेलों का गढ़ है। सबसे ज्यादा खिलाड़ी यहीं से निकलते है और इस तरह का अभियान जारी रहना चाहिए। वहीं सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि इस तरह के आयोजन से स्वास्थ्य सही रहेगा।
यह भी पढ़ेंः अब घर में छलका सकेंगे जाम, मिनी बार खोलने के लिए नियम हुए आसान