प्रदेश ही नहीं पूरे देश में है गौड़ ब्राह्मण शिक्षण संस्थाओं की पहचान : सांसद
भारत विश्व में सबसे युवा देश है इसलिए युवाओं को अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए अपनी ऊर्जा सामाजिक सरोकारों के लिए लगाएं। यह कहना है सांसद डा. अरविद शर्मा का।
जागरण संवाददाता, रोहतक : भारत विश्व में सबसे युवा देश है, इसलिए युवाओं को अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए अपनी ऊर्जा सामाजिक सरोकारों के लिए लगाएं। यह कहना है सोमवार को गौड़ ब्राह्मण डिग्री कालेज में आयोजित कार्यक्रम में सांसद डा. अरविद शर्मा का। उन्होंने कहा देश के साथ ही पूरे प्रदेश में संस्कृत को मान सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा वो संसद में जन जन की आवाज बुलंद करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने पहरावर की 15 एकड़ जमीन गौड़ संस्था को दिलाने, गौड़ ब्राह्मण रेजिमेंट को दोबारा स्थापित कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि गौड़ ब्राह्मण शिक्षण संस्थाओं का प्राचीन इतिहास है। संस्था का नाम प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कालेज प्राचार्य डा. जयपाल शर्मा ने की। प्राचार्य ने पुष्पगुच्छ से मुख्यातिथि का स्वागत किया।
प्राचार्य ने बताया पर्यावरण संरक्षण के लिए कॉलेज की यूथ रेडक्रॉस इकाई ओर से कदम और रुद्राक्ष के पौधे सांसद डा. अरविद शर्मा व उनकी धर्मपत्नी डा. रीटा शर्मा की अगुवाई में लगाए गए। इस मौके पर संस्थान के सभी प्राचार्य, शिक्षक आदि मौजूद रहे।