रोहतक में रेहड़ी संचालकों को भिवानी स्टैंड से हटाया, विरोध
त्योहारी सीजन पर रेहड़ी संचालकों की परेशानी बढ़ गई है। संचालकों के आरोप हैं कि नगर निगम और पुलिस के अधिकारी बार-बार रेहड़ी वालों पर कार्रवाई कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, रोहतक : त्योहारी सीजन पर रेहड़ी संचालकों की परेशानी बढ़ गई है। संचालकों के आरोप हैं कि नगर निगम और पुलिस के अधिकारी बार-बार रेहड़ी वालों पर कार्रवाई कर रहे हैं। नगर निगम की तरफ से स्थाई जमीन का आवंटन आज तक नहीं हुआ। कोरोना संक्रमण के कारण पहले से ही परेशानियां बढ़ गई हैं। अब त्योहारी सीजन में बार-बार परेशान किया जा रहा। मंगलवार को भी भिवानी स्टैंड से रेहड़ी संचालकों को हटाया गया। इसके विरोध में रेहड़ी संचालक आ गए।
भिवानी स्टैंड से लगने वाली रेहड़ियों को पुलिस ने मंगलवार को हटवा दिया। रेहड़ी एसोसिएशन के प्रधान सोनू मोर ने बताया कि कोरोना के चलते पहले से ही कारोबार प्रभावित है। त्योहारी सीजन के लिए ब्याज पर रुपये ले चुके हैं। ब्याज वाले पैसे मांग रहे हैं। दो सप्ताह से लगातार अधिकारियों के पास चक्कर काट रहे हैं। फिर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। प्रधान सोनू का कहना है कि किला रोड, भिवानी स्टैंड आदि स्थानों के लिए जाने वाले रास्तों पर पुलिस की सख्ती है। यहां बेरिकेड्स भी लगाए गए थे। बाजारों में रेहड़ी संचालकों को जाने की अनुमति नहीं है। ऐसे में जाम और अतिक्रमण रेहड़ी संचालकों के माध्यम से कैसे लग सकता है। रेहड़ी संचालक विमलेश, सोनिया, अमन, सोनिया, मुकेश आदि ने प्रशासन से मांग की है कि रेहड़ी लगाने के लिए शर्त लगा दी जाएं। रेहड़ी लगाने के लिए सफेद पट्टी से आगे रेहड़ी नहीं लगेंगी, यह शर्त लगा दी जाए। इन्होंने यह भी कहा है कि यदि प्रशासन राहत नहीं देगा तो जल्द ही आंदोलन की रणनीति तय करेंगे। वर्जन
शहर में तमाम स्थानों पर रेहड़ी संचालक अतिक्रमण कर रहे हैं। इसलिए समय-समय पर कार्रवाई की जा रही हैं। मंगलवार को हमारी तरफ से कार्रवाई नहीं की गई।
सुरेंद्र गोयल, भूमि अधिकारी, नगर निगम
--
नगर निगम के अधिकारी रेहड़ी संचालकों के लिए स्ट्रीट वेंडर कमेटी की बैठक आयोजित करके जल्द स्थाई जमीन पर बैठने का प्रबंध करें। इस तरह से रेहड़ी संचालक भूखे मर जाएंगे।
सोनू मोर, प्रधान, रेहड़ी एसोसिएशन