31 तक होगा अब मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण
किसान अपनी फसलों का मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर 31 जनवरी 2022 तक पंजीकरण करवा सकते हैं। मेरी फसल-मेरा ब्यौरा सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है जिसके अन्तर्गत किसानों को अपनी भूमि का विवरण बैंक खाता नंबर व बोई गई फसल का विवरण इस पोर्टल पर दर्ज करवाना जरूरी है।
जागरण संवाददाता, रोहतक : किसान अपनी फसलों का मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर 31 जनवरी 2022 तक पंजीकरण करवा सकते हैं। मेरी फसल-मेरा ब्यौरा सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके अन्तर्गत किसानों को अपनी भूमि का विवरण, बैंक खाता नंबर व बोई गई फसल का विवरण इस पोर्टल पर दर्ज करवाना जरूरी है।
कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल गत 17 व 18 जनवरी को तकनीकी सुधार के कारण बंद रहा था, परंतु अब किसान 31 जनवरी तक पंजीकरण करवा सकते हैं। एमएसपी पर फसल बेचने के लिए इस पोर्टल पर पंजीकरण करवाना जरूरी है। पंजीकरण करवाने वाले किसानों को ही विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि इसके अन्तर्गत किसान अपनी खेती का पूरा विवरण आनलाइन पोर्टल पर सबमिट कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक जिला में 16200 किसानों ने रबी फसल की समर्थन मूल्य पर बिक्री के लिए पंजीकरण करवाया है। जिला में लगभग 38.58 प्रतिशत एरिया के लिए पंजीकरण हो चुका है।
उपायुक्त ने बताया कि सरकार ने प्रत्येक किसान की फसल का पंजीकरण मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर करवाना अनिवार्य किया हुआ है। इसका उद्देश्य किसानों को फसल बेचने में सुविधा पहुंचाने के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं का सीधे लाभ भी देना है।
-इस तरह करवा सकते हैं पंजीकरण
कृषि उप निदेशक डा. वजीर सिंह ने बताया कि किसान अपनी फसलों का पंजीकरण पोर्टल पर जाकर करवा सकते हैं। इसके अलावा किसान ऑनलाइन या नजदीकी अटल सेवा केंद्र पर जाकर पंजीकरण करवा सकते है। इसके लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से टोल फ्री नंबर 1800-180-2117 भी जारी किया गया है। किसान इनमें से किसी भी माध्यम से अपनी फसल का पंजीकरण करवाएं। पंजीकरण करवाते समय किसान अपने पास मोबाइल जरूर रखें।