जनता शौक से नहीं मजबूरीवश उतर रही सड़कों पर : सुरेंद्र सिंह
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के हरियाणा राज्य सचिव मंडल ने पिपली में किसान रैली पर पुलिस की ओर से बर्बर लाठीचार्ज व गिरफ्तारी करने की कड़ी निदा की।
जागरण संवाददाता, रोहतक : भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के हरियाणा राज्य सचिव मंडल ने पिपली में किसान रैली पर पुलिस की ओर से बर्बर लाठीचार्ज व गिरफ्तारी करने की कड़ी निदा की। वहीं प्रदेश के गृहमंत्री की ओर से राज्य में जलसे, जुलूस और प्रदर्शनों पर रोक लगाने पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। राज्य सचिव सुरेंद्र सिंह ने कहा प्रदेश के किसान बीमारी, सूखे व जलभराव से बर्बाद हुई फसलों की गिरदावरी, मुआवजे और केंद्र सरकार की ओर से लगाए कृषि विरोधी तीन अध्यादेशों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा सरकार जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है। जनता मजबूरी से सड़कों पर उतर रही है तो उन पर बेरहमी से लाठीचार्ज किया जा रहा है। महामारी से बड़ी संख्या में लोगों के रोजगार और रोजी-रोटी के साधन कम हुए हैं। जनता जानती है महामारी फैल रही है, जनता शौक से सड़कों पर नहीं आ रही है, बल्कि रोजी-रोटी के लिए मजबूरीवश सड़क पर आना पड़ रहा है। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी ने सरकार से मांग की कि गृह मंत्रालय के इन जन विरोधी आदेश को तुरंत वापस ले और जनता के हित में कार्य करें।