अब रोहतक में 10 साल बच्ची से दुष्कर्म, अारोपितों में तीन 10 से 12 साल के
रेवाड़ी के बाद अब रोहतक में शर्मसार करने वाली घटना हुई है। रोहतक के गांव लाखन माजरा ने चार ल़ड़कों ने 10 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
जेएनएन, रोहतक। हरियाणा में लड़कियों व बच्चियों से हैवानियत की घटनाएं रुकने का नाम नही ले रही है। रेवाड़ी में छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद अब रोहतक में शर्मसार करने वाली घटना हुई है। यहां चार लोगों ने एक 10 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। अारोपितों में एक बच्ची का रिश्ते में मामा है। तीन आरोपित नाबालिग हैं और नकी उम्र महज 10-12 के बीच है। चारों अारोपितों को गिरफ्तार कर लियागया है।
घटना जिले के लखन माजरा गांव की है। बच्ची जींद की रहने वाली है और लाखन माजरा के गांव में नानी के घर रह रही है। वह यहां सात साल से रह रही है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बच्ची के परिवार वालों को इसके साथ हुई घटना के बारे में पता चला तो उन्होंनेे पुलिस को शिकायत दी।
बच्ची के साथ हो रहे अत्याचार का पता तब चला जब तीन दिन पहले उसे अकेली देख एक आरोपित घर में घुस गया। वह बच्ची को गलत नीयत से पकड़ रहा था तभी पड़ोस के एक व्यक्ति ने देख लिया। उस व्यक्ति ने आरोपित की पिटाई भी की, लेकिन वह किसी तरह खुद को छुड़ाकर भाग निकला। उस समय बच्ची की नानी धार्मिक यात्रा पर गई थी और उसका मामा गोहाना गया हुआ था। सोमवार को बच्ची की नानी वापस घर आई तो पुलिस को सूचना दी गई।
इसके बाद लाखनमाजरा थाने की पुलिस, डीएसपी वीरेंद्र सिंह और फोरेसिंक साइंटिस्ट डा. सरोज मलिक दहिया घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को बच्ची ने बताया कि उसके साथ करीब दो महीने से चार लोग गलत काम कर रहे थे। उनके घर पास में ही हैं और रिश्ते में मामा लगते हैं। वह विरोध करती तो चारों उसे, उसकी नानी और मामा को जान से मारने की धमकी देते थे। डर के कारण वह कुछ नहीं बोल पा रही थी। पुलिस ने चारों अभियुक्तों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
पहले एक युवक का ही नाम बताया था पीडि़ता ने
जिस समय पुलिस बच्ची के घर पहुंची और उससे पूछताछ की, तब उसने केवल एक युवक का नाम बताया था। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे प्यार से समझाया और आश्वासन दिया कि उसे कुछ नहीं होने दिया जाएगा। वह पूरी तरह सुरक्षित है। तब जाकर पीडि़ता ने तीन अन्य नाबालिग अभियुक्तोंं के नाम भी बता दिए। वे कभी उसे जान से मारने की धमकी देते थे तो कभी उसे लालच भी देते थे।