आज से खुलेगा एनडीसी पोर्टल, हड़ताल के चलते नगर निगम में नहीं होंगे दो दिन कोई भी काम
31 मार्च की आधी रात में मेंटीनेंस के लिए यूएलबी की वेबसाइट से नहीं निकल रहे थे बिल लंबित मांगों को लेकर हरियाणा नगर पालिका कर्मचारी संघ ने पेन-टूल डाउन रखेंगे
जागरण संवाददाता, रोहतक:
शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने करीब 52 दिन बाद एनडीसी यानी नो ड्यूज सर्टिफिकेट की वेबसाइट पर मेंटीनेंस का काम पूरा होने का दावा किया है। इसके साथ ही वेबसाइट पर सोमवार से नए बिल, बिलों की त्रुटियों को ठीक कराने के बाद नए बिल भी उपभोक्ता निकाल सकेंगे। इसके साथ ही प्रापर्टी टैक्स का बिल भी जमा हो सकेगा। निकाय विभाग ने 31 मार्च की रात 12 बजे से ब्योरा अपडेट करने और मेंटीनेंस का कार्य कराने के लिए वेबसाइट बंद कर दी थी। हालांकि उपभोक्ताओं के लिए यह राहत अभी बुधवार से ही मिल सकेगी। क्योंकि हरियाणा नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर नगर निगम और नगर पालिकाओं की हड़ताल रहेगी। इस वजह से निगम कार्यालय में कोई काम नहीं होगा।
नगर निगम की कर शाखा के क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि अभी तक वेबसाइट पर काम हो रहा था। इस वजह से बिल भी जमा नहीं हो रहे थे। यही कारण रहा कि नगर निगम को 31 मार्च से प्रापर्टी टैक्स भी नहीं मिल सका। अब राजस्व की रिकवरी के साथ ही नए बिल निकलेंगे। फिलहाल निकाय विभाग ने एनडीसी मैनेजमेंट सिस्टम बनाया है। इसी से प्रापर्टी टैक्स से जुड़े सभी कार्य होंगे। जमीन-मकान की तहसील में रजिस्ट्री कराने से पहले नगर निगम की तरफ से जारी होने वाली एनडीसी भी इसी वेबसाइट से मिलेगी। अब मेंटीनेंस व अपडेट होने के बाद कितने बकाएदार रह गए हैं यह पता करना आसान होगा। इसके साथ ही 10 जुलाई तक प्रापर्टी टैक्स में 10 प्रतिशत की राहत मिलेगी, इसलिए नए सिरे से राहत के साथ बिल निकलेंगे। आज हड़ताल में 1100 कर्मचारी नहीं करेंगे काम
हरियाणा नगर पालिका कर्मचारी संघ नगर निगम इकाई के महासचिव श्रवण बोहत ने बताया कि सरकार ने वादा खिलाफी की है। इसलिए मजबूर होकर पेन एंड टूल डाउन हड़ताल रखने का फैसला लिया है। सोमवार को आंबेडकर चौक स्थित नगर निगम कार्यालय परिसर में सुबह नौ बजे नगर निगम और सर्व हरियाणा कर्मचारी संघ के पदाधिकारी जुटेंगे। इसके बाद रोष मार्च निकालेंगे। हड़ताल में सफाई से लेकर नगर निगम कार्यालय में होने वाले सभी कार्य बंद रहेंगे। हड़ताल के दौरान 704 सफाई कर्मचारियों सहित क्लर्कों ने लेकर बेलदार, माली तक हड़ताल रखेंगे। कर्मचारियों से आह्वान किया है कि वह एकजुट होकर लंबित मांगो के लिए प्रदर्शन करें। वहीं, रविवार की रात तक हड़ताल को लेकर अलग-अलग स्थानों पर यूनियन के पदाधिकारी रणनीति बनाते रहे।