भ्रष्टाचार के खिलाफ दूसरे दिन पालिका पार्षदों ने किया धरना प्रदर्शन
नगर पालिका पार्षदों ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन किया। शुक्रवार को भी पार्षदों ने पालिका परिसर में धरना दे नारेबाजी की।
संवाद सहयोगी, कलानौर : नगर पालिका पार्षदों ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन किया। शुक्रवार को भी पार्षदों ने पालिका परिसर में धरना दे नारेबाजी की। इस दौरान पालिका अधिकारी धरना स्थल पर पार्षदों से मिलने के लिए पहुंचे, लेकिन पार्षद बात करने के लिए तैयार नहीं थे। धरने पर बैठे पार्षदों ने आरोप लगाया कि पालिका भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। लोगों के खून-पसीने की कमाई को अधिकारी मिल बांटकर डकार रहे हैं। जब भी भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई जाती है तो उनकी आवाज को दबा दिया जाता है। आरोप लगाया कि ओपन जिम लगाने के लिए बिना डेमो के चहेते ठेकेदार को टेंडर दे दिया। जबकि जिम लगाने के दो दिन बाद ही वह उखड़ने लगी। इसको लेकर एक जून को लिखित में शिकायत पालिका सचिव को दी गई थी, लेकिन अभी तक कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। अधिकारियों-ठेकेदारों की मिलीभगत के कारण निम्न स्तर की टाइलें लगाई जा रही हैं। पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही आरोपित अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वह उग्र प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे।