किसान विरोधी कानून वापस ले केंद्र सरकार : मनोहर लाल साकला
भाट समाज सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष मनोहर लाल साकला ने कहा कि केंद्र सरकार किसान विरोधी कानून वापस ले। दो सप्ताह से किसान आंदोलन कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, रोहतक : भाट समाज सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष मनोहर लाल साकला ने कहा कि केंद्र सरकार किसान विरोधी कानून वापस ले। दो सप्ताह से किसान आंदोलन कर रहे हैं। इनकी आड़ में कुछ नेता राजनीति कर रहे हैं। जो सरासर गलत है। किसानों की मांगों को नहीं माना गया तो समिति किसानों के समर्थन में आंदोलन करेगी। किसानों की न्यूनतम समर्थन मूल्य व अन्य मांगों को समिति समर्थन करती है। तीनों कानूनों को वापस लेकर किसान संगठनों के प्रतिनिधियों की सलाह से नए कानून बनाए जाएं। इस मौके पर मदन लाल भाट, रामकरण जागा, कश्मीरी लाल भाट, शौपाल जोड़ भाट, बनवारी लाल, हरफूल चौहान जागा भाट, रतिराम भाट आदि मौजूद रहे।
कलानौर में सिचाई पानी का अभाव : खटक
रोहतक : कलानौर की विधायक शकुंतला खटक ने जारी बयान में कहा कि उनके हलके में सिचाई पानी पर्याप्त नहीं आ रहा है। गठबंधन सरकार सिचाई पानी में भेदभाव बरत रही है। कलानौर क्षेत्र की नेहरों में दो माह तक पानी नहीं आता। जिसको लेकर किसानों को सिचाई करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गठबंधन सरकार किसानों से झूठे वादे करती है। उन्होंने कहा कि पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए किसानों के हितों की बलि नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ पूरा देश अन्नदाता के साथ खड़ा है। अन्नदाता खुशहाल हैं तो देश खुशहाल है।
नशीला पदार्थ बेच रही महिला गिरफ्तार
संस, महम : अजायब गांव में छापेमारी कर पुलिस ने एक महिला को गांजापत्ते बेचते हुए गिरफ्तार किया है। महम थाना प्रभारी कुलबीर सिंह ने बताया कि एएसआइ विनोद दलाल के नेतृत्व में टीम गश्त पर थी। सूचना मिली कि अजायब गांव में एक महिला नशीला पदार्थ बेच रही है। इस पर पुलिस ने छापेमारी कर महिला को पकड़ लिया। जिसकी पहचान सुनीता निवासी अजायब के रूप में हुई। तलाशी लेने पर महिला के पास से 260 ग्राम गांजापत्ती बरामद किया गया। महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। गौरतलब है कि रोहतक पुलिस ने कुछ दिन पहले भी दो महिलाओं को नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया था।