मुंबई बम ब्लास्ट में पैरवी कर चुके वकील माजिद मेमन लड़ेंगे राम रहीम का केस
सुनारिया जेल में बंद राम रहीम से मुलाकात करने सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता माजिद मेमन पहुंचे। मेनन अब गुरमीत राम रहीम का केस लड़ेंगे।
रोहतक [ओपी वशिष्ठ]। मुंबई बम ब्लास्ट और फिल्म निर्माता गुलशन कुमार की हत्या के केस में बचाव पक्ष की तरफ से पैरवी कर चुके सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता माजिद मेमन अब गुरमीत राम रहीम का केस लड़ेंगे। मेमन राजस्थान रॉयल्स के सह-मालिक राज कुंद्रा पर लगे सट्टेबाजी के केस में भी बचाव पक्ष के वकील रह चुके हैं।
मेमन गत दिवस सुनारिया जेल में पहुंचे और जेल प्रशासन से मंजूरी लेने के बाद गुरमीत राम रहीम से मिले। करीब आधा घंटा दोनों के बीच बात हुई। उसके बाद मेमन दिल्ली रवाना हो गए। सूत्र बताते हैं गुरमीत राम रहीम ने वकालतनामे पर हस्ताक्षर कर मेमन को दे दिया है।
बता दें कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) की विशेष अदालत ने दो साध्वियों से दुष्कर्म के केस में सिरसा के डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को 28 अगस्त को दस-दस साल की सुजा सुनाई थी। दोनों सजाएं अलग-अलग चलेंगी। इस तरह गुरमीत को 20 साल की सजा सुनाई गई और साथ में 30 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। राम रहीम को अगस्त में सुनारिया जेल में एक वर्ष हो जाएगा।
जेल में बागवानी कर रहा राम रहीम
उधर, जेल नियमों के मुताबिक गुरमीत को श्रम के तौर पर बागवानी का कार्य सौंपा गया था। जेल प्रशासन ने इसके लिए उसे एक हजार गज जमीन मुहैया करवाई थी। पिछले दिनों उसने जेल में डेढ़ क्विंटल आलू उगाए। जेल की एक हजार गज जमीन पर गुरमीत ने चार-पांच हरी सब्जियां भी उगाई हैं। बताया जाता है कि वह जेल में पूरी लगन से सब्जियों की खेती में लगा रहता है।
गुरमीत ने रोजाना करीब दो घंटे खेती करते हुए आलू, घीया, तौरी, टमाटर व एलोवेरा की बिजाई की थी। आलू की फसल तैयार हो गई है। करीब डेढ़ क्विंटल आलू की उपज हुई है। एलोवेरा की पौध भी काफी बड़ी हो गई है। अब तो केवल एलोवेरा की निराई का कार्य ही शेष बचा है। वह सुबह-शाम योग व ध्यान भी करता है।वह जेल में बना खाना खाता है। देखरेख में लगे चार नंबरदारों के साथ अब तो वह खूब बतियाता भी है।
यह भी पढ़ेंः गुरमीत राम रहीम की जेल में थी गैंगवार की तैयारी, कैदियों ने बनाए अनोखे हथियार