रोहतक में सुबह छाया हलका कोहरा, दोपहर बाद हुई बूंदाबांदी
मौसम में बुधवार को भी बदलाव देखा गया। सुबह हलका कोहरा छाया रहा तो दोपहर बाद बूंदाबांदी भी हुई। दिनभर बादल छाए रहने से सर्दी और बढ़ गई है।
जागरण संवाददाता, रोहतक : मौसम में बुधवार को भी बदलाव देखा गया। सुबह हलका कोहरा छाया रहा तो दोपहर बाद बूंदाबांदी भी हुई। दिनभर बादल छाए रहने से सर्दी और बढ़ गई है। कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने से दिन के तापमान में भी एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। नौ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चली।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दिनों में शीत लहर चलने की संभावना है। जिससे सुबह-शाम सर्दी और बढ़ सकती है। उधर, सर्दी से बचाव के लिए लोग गरम वस्त्रों व खाद्य पदार्थाें का सहारा लेने लगे है। दिनभर बादल छाए रहने के चलते लोगों को सर्दी से बचाव के लिए टोपी व अन्य गरम वस्त्र पहने देखा गया। वीरवार को भी आंशिक रूप से बादल छाने की संभावना जताई जा रही है।
खरावड़ में कर्मचारी ने फंदा लगाकर दी जान
सांपला : खरावड़ गांव में एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। जसिया गांव निवासी राहुल खरावड़ में कृष्ण के मकान में किराए पर रहता था। वह महेंद्रा कंपनी में कार्यरत था। खरावड़ चौकी प्रभारी राजीव दलाल ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिवार के किसी सदस्य ने भी फंदा लगाने की वजहों की जानकारी नहीं दी है। पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजनों को सौंप दिया गया है।
प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए गए व्यापक प्रबंध : उपायुक्त
जागरण संवाददाता, रोहतक : उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार एवं पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने विभिन्न संगठनों की तरफ 26 नवंबर को किए गए प्रदर्शन के आह्वान के ²ष्टिगत किए गए प्रबंधों का जायजा लिया। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगाए गए पुलिस नाकों व अन्य प्रबंधों का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को मौके पर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि कर्मचारियों एवं किसान संगठनों के प्रदर्शन के आह्वान के ²ष्टिगत आम जनजीवन को सामान्य रखा जएगा। वहीं, किसान संगठनों ने दिल्ली कूच आह्वान के मद्देनजर उपायुक्त ने आमजन का आह्वान करते हुए कहा कि जिला के नागरिक अथवा परिवार 26 नवंबर को दिल्ली की तरफ यात्रा न करें। उन्होंने कहा कि किसानों के दिल्ली कूच के आह्वान के मद्देनजर आमजन को दिल्ली जाने के लिए असुविधा का सामना करना पड़ सकता है, हालांकि किसानों के आंदोलन को लेकर आम नागरिक को कोई परेशानी न हो इसके लिए प्रशासन ने पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। फिर भी किसी भी असुविधा से बचने के लिए एहतियातन लोग दिल्ली की तरफ यात्रा करने से बचें।