नेताओं ने राजनीति छोड़ उठाया मानव कल्याण का बीड़ा
कोरोना महामारी के गंभीर दौर में मानवता दिखाई देने लगी है। जनता पर संकट आने पर अक्सर राजनीतिक दलों में आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो जाते हैं। लेकिन इस समय सभी राजनीतिक दल महामारी से बचाव में लोगों की मदद को आगे आए हैं। जनप्रतिनिधियों की असली अग्नि-परीक्षा भी है।
जागरण संवाददाता, रोहतक :
कोरोना महामारी के गंभीर दौर में मानवता दिखाई देने लगी है। जनता पर संकट आने पर अक्सर राजनीतिक दलों में आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो जाते हैं। लेकिन इस समय सभी राजनीतिक दल महामारी से बचाव में लोगों की मदद को आगे आए हैं। जनप्रतिनिधियों की असली अग्नि-परीक्षा भी है। क्योंकि अब मदद के लिए नजदीकी भी हाथ खड़े कर चुके हैं, इसलिए राजनेताओं व जनप्रतिनिधि की लोगों की उम्मीद हैं।
टीम दीपेंद्र पूरी तरह सक्रिय
राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कोरोना महामारी में लोगों की मदद के लिए अपनी टीम के समर्पित कार्यकर्ताओं को मैदान में उतार दिया है। प्रदेश के सभी जिलों में 10 से 15 कार्यकर्ता हैं, जो लोगों की मदद को दिन-रात एक किए हुए हैं। जिला वाइज टीम दीपेंद्र ने अपने हेल्पलाइन नंबर जारी किए है। साथ ही, इंटरनेट मीडिया पर भी हेल्पलाइन नंबर हैं। दीपेंद्र सिंह हुड्डा खुद ट्वीटर पर सक्रिय है। जहां से भी कोई मदद मांगी जाती है, तुरंत संबंधित जिला के कार्यकर्ता को मदद के लिए भेजा जाता है। खास बात यह है कि मदद होने के बाद टीम रिस्पांस भी देती है। यहीं कारण है कि दीपेंद्र को अन्य राजनीति दलों के कार्यकर्ता भी मदद के लिए ट्वीट कर रहे हैं। दीपेंद्र हुड्डा का कहना है कि यह समय लोगों की मदद करने का है। जिससे जितना संभव है, एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए।
सांसद अरविद शर्मा ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
रोहतक से भाजपा सांसद डा. अरविद शर्मा ने भी अपना हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया है। उनके पास निजी अस्पतालों में मनमाने दाम वसूलने की शिकायतें मिल रही थी। इसके अलावा भी अपने कार्यकर्ता को फील्ड में उतारा है। वे खुद भी लोगों से लगातार संपर्क में रहते हैं। सांसद का कहना है कि दिन-रात लोगों के संपर्क में रहते हैं। हरसंभव मदद की जा रही है। रात को डेढ़ से दो बजे तक लोगों से बातचीत करते हैं। निजी अस्पताल सचांलकों से व्यक्तिगत तौर पर भी संपर्क किया जाता है ताकि किसी भी मरीज के इलाज में लापरवाही व मुनाफाखोरी न कर सके। साथ ही भाजपा के अन्य कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगाई गई है।
जजपा ने भी संभाला मोर्चा
प्रदेश में कोरोना महामारी में लोगों की मदद का जिम्मा इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के प्रधान सचिव दिग्विजय चौटाला संभाला है। जिला में जिला अध्यक्ष एडवोकेट बलवान सुहाग ने सभी ब्लाक अध्यक्षों के मोबाइल नंबर जारी कर दिए हैं। उन्होंने भी निजी अस्पतालों में मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की कोताही बरतने और मुनाफाखोरी रोकने को लेकर ड्यूटियां लगाई है। किलोई हल्के के अध्यक्ष डा. संदीप हुड्डा, राजेश सैनी, मनोज बालंद लोगों की मदद कर रहे हैं।