आरडब्ल्यूए चुनाव के लिए नामांकन का आखिरी दिन आज, 26 को होगा मतदान
जागरण संवाददाता रोहतक सेक्टर-1 की रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के चुनाव
जागरण संवाददाता, रोहतक : सेक्टर-1 की रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के चुनाव होंगे। रविवार को 37 कॉलेजियम के सदस्य चुनने के लिए नामांकन की आखिरी तारीख है। नामांकन के बाद 22 मई को नाम वापसी की तिथि तय है। जबकि 24 मई को कॉलेजियम सदस्य पदों के प्रत्याशियों के नाम चस्पा किए जाएंगे। 26 मई को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा।
आरडब्ल्यूए के त्रि-वार्षिक चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 16 मई से नामांकन शुरू हो चुके हैं, जबकि रविवार को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक कॉलेजियम सदस्य पदों के नामांकन होंगे। चुनाव से जुड़े सेक्टर-1 के प्रधान कदम सिंह अहलावत और महासचिव एडवोकेट केके खीरवाट ने बताया है कि निष्पक्षता से चुनाव कराने के लिए डा. बिजेंद्र सिंह को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, चुनाव में सहायक चुनाव अधिकारी पीडी गांधी होंगे। इन्हीं दोनों पदाधिकारियों की निगरानी में पूरा चुनाव होगा। 25 मई को कॉलेजियम पदों के लिए नामांकन करने वाले प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न बांटे जाएंगे। मतदान वाले दिन ही मतगणना होगी। निर्धारित अवधि के बाद परिणाम भी घोषित किया जाएगा। 37 जीते हुए कॉलेजियम सदस्य ही चुनेंगे प्रधान और नई कार्यकारिणी
प्रधान कदम सिंह और महासिचव एडवोकेट खीरवाट ने बताया कि कुल 1211 मतदाता मतदान करेंगे। यह सभी कार्यकारिणी में सदस्य हैं। पूरे सेक्टर को 37 बूथों में बांटा गया है। जो भी 37 सदस्य चुने जाएंगे, वही नई कार्यकारिणी के साथ ही प्रधान को भी चुनेंगे। हालांकि यह भी कोशिश है कि चुनाव पूरी तरह से सर्वसम्मति से कराया जाए। फिर भी चुनाव लड़ने के इच्छुक सेक्टर वालों को चुनाव लड़वाया जाएगा। कोई भी नामांकन कर सकेगा। यह भी तैयारी है कि पुलिस और प्रशासन को भी चुनाव की पूरी जानकारी दी गई है, जिससे पुलिस मौके पर मौजूद रहे। सेक्टर-1 की राजनीति भी पूरी तरह से बदली
सेक्टर-1 की राजनीति भी पूरी तरह से बदल गई है। जून 2016 में इससे पहले चुनाव हुए थे। उस दौरान प्रधान पद पर कदम सिंह काबिज हुए। सेक्टरों के मुद्दों के साथ ही एन्हांसमेंट का मामला इन्होंने जोर-शोर से उठाया। इसके बाद बीते साल दिसंबर में निकाय चुनाव में वार्ड-11 से निर्दलीय पार्षद चुने गए। कदम सिंह के पार्षद बनने के बाद राजनीति में बदलाव हो गया है। अब माना जा रहा है कि कई इस चुनाव में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। नामांकन-पत्र की 200 रुपये फीस
नामांकन करने के लिए 200 रुपये फीस तय की गई है। यह राशि वापस नहीं होगी। सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक चुनाव से संबंधित प्रक्रिया के कार्य होंगे। चुनाव से संबंधित सभी कार्रवाई सेक्टर स्थित आरडब्ल्यूए कार्यालय (पुराना कम्युनिटी सेंटर) पर ही होंगी। मकान नंबर-1 से 2542 तक के कार्यकारिणी में सदस्य हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप