जींद उपचुनाव में भाजपा, इनेलो और नई-नई पैदावार का हो जाएगा इलाज : तंवर
जागरण संवाददाता, रोहतक : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहा कि भाजपा सरकार ने ज
जागरण संवाददाता, रोहतक :
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहा कि भाजपा सरकार ने जींद उपचुनाव की करीब चार माह देरी से घोषणा की है। इस चुनाव में जींद की जनता भाजपा, इनेलो और नई-नई पैदावार का इलाज कर देगी। कांग्रेस पार्टी की ऐतिहासिक जीत होगी। वह सोमवार देर शाम मैना पर्यटन केंद्र में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
डा. अशोक तंवर ने कहा कि भाजपा ने हर चुनाव में देरी करके लोकतंत्र की हत्या करने का काम किया है। चाहे पंचायत चुनाव की बात हो या नगर निगम और जींद उपचुनाव की। भाजपा सरकार ने कोई भी चुनाव समय पर नहीं करवाए। जींद उपचुनाव को लेकर तो अदालत तक का दरवाजा खटखटाना पड़ा और धरने-प्रदर्शन तक किए गए। भाजपा ने चार साल में प्रदेश में जो भ्रष्टाचार, महंगाई और जंगलराज को बढ़ावा दिया है, जनता इसका जवाब चुनाव में देगी। उन्होंने सांसद दुष्यंत चौटाला की नई पार्टी जननायक जनता पार्टी पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जो नई-नई पैदावार हुई है, उसका भी चुनाव में पता चल जाएगा। इस चुनाव के परिणाम आने के बाद भाजपा सरकार गिर जाएगी। सरकार गिराने का काम भाजपा के ही दो दर्जन असंतुष्ट विधायक और सांसद करेंगे। लोकसभा चुनाव से पहले यह उपचुनाव खास अहमियत रखता है और अब 28 जनवरी तक प्रदेश कांग्रेस के नेता जींद में ही डेरा डाल देंगे। गुरुग्राम में फिर से नगर निगम के डिप्टी मेयर के प्रतिनिधि ने भाजपा सरकार में 200 करोड़ रुपये का जमीन घोटाला करने का आरोप लगाया है। इस घोटाले में भाजपा के शीर्ष नेता और बिल्डर्स की मिलीभगत रही है। उन्होंने कहा कि जींद उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार चार वर्ष तक विपक्ष की मजबूत भूमिका निभाने वाला कार्यकर्ता ही होगा। उम्मीदवार के चयन की प्रक्रिया मंगलवार से ही शुरू हो जाएगी। कोई भी संघर्षशील नेता आवेदन कर सकता है। एक सप्ताह में उम्मीदवार का चयन कर लिया जाएगा क्योंकि नामांकन दाखिल करने की तिथि 10 जनवरी है। उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष को बदलने के सवाल पर कहा कि वह तो छोटे से कार्यकर्ता हैं, कांग्रेस पार्टी में संघर्ष करने वालों की अनदेखी न तो भगवान करता है और न ही कांग्रेस हाईकमान करता है। पूर्व सीएम हुड्डा द्वारा प्रदेशाध्यक्ष को बदलने के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजे गए पत्र के सवाल पर कहा कि अगर पत्र भेजने के अलावा विपक्षी भूमिका निभाई जाती तो भाजपा और इनेलो को अभी तक प्रदेश से भगा देते। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुभाष बतरा, प्रो. कुलताज ¨सह, एडवोकेट आनंद हुड्डा, युवा नेता सत्यवान दहिया सहित अन्य नेता मौजूद थे।