पुलिस लाइन में जवानों को कराया दंगे से निपटने का अभ्यास
किसान आंदोलन को लेकर पुलिस भी अलर्ट मोड़ में नजर आने लगी है। दंगा निरोधक कार्यवाही और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन में विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
जागरण संवाददाता, रोहतक : किसान आंदोलन को लेकर पुलिस भी अलर्ट मोड़ में नजर आने लगी है। दंगा निरोधक कार्यवाही और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन में विशेष प्रशिक्षण दिया गया। 12 जनवरी से शुरू हुई इस प्रशिक्षण में जवानों को कानून व्यवस्था के दौरान दंगा निरोधक उपकरण चलाने के बारे में जानकारी दी गई। डीएसपी सुशीला के निर्देशन में विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इसमें थाने व चौकी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। प्रशिक्षकों की टीम ने जवानों को लाठी-डंडा चार्ज केन शील्ड, राइफल, आसू गैस और धकेल पोजिशन के बारे में अभ्यास कराया। इसके अलावा दंगा निरोधक उपकरणों के रख-रखाव के बारे में भी बताया गया। एसपी राहुल शर्मा ने बताया कि दंगा जैसे स्थिति से निपटने के लिए जवानों को आधुनिक रूप से तैयार किया जा रहा है। इसके साथ-साथ जवानों को यह भी बताया जा रहा है कि दंगे की स्थिति में किस तरीके से कंट्रोल किया जाए। एसपी ने बताया कि जिला पुलिस हर प्रकार की परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार है। किसी भी हालत में कानून व्यवस्था नहीं बिगड़ने दी जाएगी। माहौल खराब करने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
महिला महापंचायत ट्रैक्टर परेड की तैयारियों में जुटी
जागरण संवाददता, रोहतक :
सर्व जातीय सर्व खाप महिला महापंचायत की जिला अध्यक्ष डा. निर्मला चौधरी ने कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में मजबूती देना ही महापंचायत का लक्ष्य है। इस लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए निरंतर प्रयास भी किए जा रहे हैं। यह बात उन्होंने किलोई में आयोजित महापंचायत की बैठक में बोलते हुए कही।
अध्यक्ष डा. निर्मला चौधरी ने कहा कि महिलाओं के मुद्दों के साथ-साथ मुख्य एजेंडा किसानों की मांगों को लेकर जागृति पैदा करना, पंचायती राज में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। साथ ही महिलाओं को कृषि कानून वापस कराने के लिए सरकार पर दबाव बनाने के उद्देश्य से 26 जनवरी की ट्रैक्टर परेड में शामिल होने को भी प्रेरित किया गया। उपाध्यक्ष कविता नरवाल ने कहा कि सरकार ने जिस तरह से किसानों को परेशान किया है, वह पूरी दुनिया देख रही है। उन्होंने कहा कि हम महिलाओं के लिए एक ऐसा प्लेटफार्म तैयार कर रही हैं, जिसमें कोई भी महिला बेहिचक अपनी बात रख सकती हैं। बैठक में प्रमिला नरवाल, सुनीता हुड्डा, सरोज, स्वीटी, नवीन समेत काफी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।