रबी फसलों की सरकारी खरीद आज से, तैयारियां पूरी
मंडी में एक अप्रैल से रबी फसलों की सरकारी खरीद शुरू होगी। जिसको लेकर तमाम तैयारियां पूरी करने का दावा अधिकारियों ने किया है।
जागरण संवाददाता, रोहतक :
मंडी में एक अप्रैल से रबी फसलों की सरकारी खरीद शुरू होगी। जिसको लेकर तमाम तैयारियां पूरी करने का दावा अधिकारियों ने किया है। मार्केट कमेटी अधिकारियों के मुताबिक रोहतक अनाज मंडी में गेहूं, जौ व सरसों की फसलें लेकर आने वाले किसान यहां मंडी में दो गेट से प्रवेश कर सकेंगे। कोविड-19 से बचाव के मद्देनजर किसानों के लिए गेट पर ही मास्क व सैनिटाइजर की व्यवस्था भी मार्केट कमेटी की ओर से किए जाने का दावा किया गया है। मंडी में फसल खरीद से पहले बुधवार को लाइट भी लगाई गई है।
रोहतक में लगभग 70 एकड़ में अनाज मंडी बनी है। इस बार फसल को बारिश से बचाव के लिए मंडी में सात शेड हैं। 17 प्याऊ व आठ शौचालय भी किसानों के लिए बनाए गए हैं। वहीं किसानों के लिए कैंटीन सुविधा भी मुहैया कराई गई है। जहां पर किसानों को दस रुपये में खाना उपलब्ध रहेगा। फसल खरीद का कार्य सुबह आठ से सांय छह बजे तक रहेगा। रोहतक के अलावा कलानौर, लाखनमाजरा, किलोई, सांघी, काहनौर, मदीना, खरक कला आदि स्थानों पर भी फसल की सरकारी खरीद की जाएगी। सरकार की ओर से एक अप्रैल से रबी फसलों की खरीद की जाएगी। सरसों, जौ और गेहूं की रोहतक में आवक होती है। फसल की सरकारी खरीद आढ़तियों के मार्फत की जाएगी। मंडी में सफाई कार्य पूरा कराया गया है। हालांकि मंडी में सरसों की आवक होने लगी है। लेकिन सरकारी रूप से फसल की खरीद एक अप्रैल से आरंभ की जाएगी। फसलों की खरीद का कार्य हेफेड, हरियाणा वेयर हाउस व खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से किया जाएगा।
अनाज मंडी में रबी फसलों की सरकारी खरीद एक अप्रैल से आरंभ होगी। आढ़तियों के माध्यम से सरकारी खरीद होगी। फसल खरीद सरकारी शेड्यूल के अनुसार ही की जाएगी। खरीद को लेकर तमाम तैयारियां पूरी कर ली है। कोविड-19 से बचाव के भी उपाय किए गए है।
- देवेंद्र सिंह ढुल, मार्केट कमेटी सचिव, रोहतक।