सेक्टर-14 में मृत मिले चार कबूतर, बर्ड फ्लू की आशंका
सेक्टर-14 में वीरवार को अलग-अलग स्थानों पर चार कबूतर मृत पाए गए।
जागरण संवाददाता, रोहतक : सेक्टर-14 में वीरवार को अलग-अलग स्थानों पर चार कबूतर मृत पाए गए। लोगों ने इसकी सूचना वन्य प्राणी विभाग को दी। अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूछताछ के बाद कबूतरों के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए। जहां से रिपोर्ट आने के बाद ही कबूतरों की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। हालांकि आसपास के लोग कबूतरों की मौत बर्ड फ्लू से होने की आशंका भी जता रहे है। लोगों का कहना है कि सेक्टर-14 में दो दिनों में ही सात कबूतरों की मौत हो चुकी है। जिस कारण बर्ड फ्लू की आशंका भी जताई जाने लगी है। सेक्टर-14 में पार्क के निकट लोगों ने वीरवार सायं करीब चार बजे अलग अलग जगह पर चार कबूतरों को मृत पाया। इनसो के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप देशवाल ने बताया कि कबूतर अलग अलग स्थानों पर मिले। जिसकी सूचना वन्य प्राणी अधिकारियों को दी गई। अधिकारी मौके पर पहुंचे और मृत कबूतरों की जांच की। मृत कबूतरों के पंख के नीचे चोट आदि का निशान भी मिला है। ऐसे में बिजली के किसी तार की चपेट में आने से भी कबूतरों की मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि कबूतरों के सैंपल अधिकारियों ने जांच के लिए जालंधर लैब भेज दिए हैं। जबकि बुधवार को मिले कबूतरों को आसपास के लोगों ने मिट्टी में दबा दिया था। करीब दो महीने पहले भी रोहतक के कमला नगर में दो कबूतर मृत पाए गए थे। जिनमें बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई थी। बर्ड फ्लू को लेकर जहां विभाग अत्यंत सतर्क है, वहीं लोगों में भी दहशत है।