स्क्रैप व्यापारी हत्याकांड की साजिश में शामिल रहे चार आरोपित गिरफ्तार
गांधी कैंप में हुए स्क्रैप व्यापारी हत्याकांड में सीआइए-2 की टीम ने साजिश में शामिल रहे चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दो आरोपित पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
जागरण संवाददाता, रोहतक : गांधी कैंप में हुए स्क्रैप व्यापारी हत्याकांड में सीआइए-2 की टीम ने साजिश में शामिल रहे चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दो आरोपित पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
गौरतलब है कि गांधी कैंप में 12 अक्टूबर को बाइक सवार तीन बदमाशों ने स्क्रैप व्यापारी विजय की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावर पहले स्क्रैप व्यापारी के भाई अजय की परचून की दुकान पर आए थे। वहां पर उन्होंने लूटपाट की, तभी पीछे से स्क्रैप व्यापारी ने आकर एक हमलावर के कंधे पर हाथ रख दिया था। जिस पर हमलावर ने सीधी गोली व्यापारी के चेहरे पर मार दी थी। यह मामला आर्य नगर थाने में दर्ज किया था। साथ ही सीआइए-2 की टीम को भी जिम्मेदारी दी गई थी। सीआइए-2 की टीम ने छापेमारी करते हुए 24 अक्टूबर को कमला नगर निवासी अमन और पंजाब के अबोहर शहर के रहने वाले प्रिस को गिरफ्तार किया था।
ये किए गए गिरफ्तार
आरोपितों से पूछताछ के बाद अब साजिश में शामिल रहे शास्त्री कालोनी निवासी सुनील, सूर्या कालोनी निवासी बिश्म्बर, बालंद गांव निवासी रविद्र और न्यू विजय नगर निवासी अनुप को गिरफ्तार किया है। आरोपित वहां पर लूटपाट करने के इरादे से आए थे। स्क्रैप व्यापारी के आने पर उन्हें पकड़े जाने का डर हुआ है। जिस कारण हमलावर ने स्क्रैप व्यापारी को गोली मार दी थी। आरोपितों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।