रोहतक में खुलेगा पहला साइबर थाना, पांच जिले होंगे ऑपरेट
साइबर ठगों पर शिकंजा कसने के लिए रोहतक के सेक्टर-14 में पहला साइबर थाना शुरू किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, रोहतक : साइबर ठगों पर शिकंजा कसने के लिए रोहतक के सेक्टर-14 में पहला साइबर थाना शुरू किया जाएगा। रेंज स्तर पर खुलने वाले इस थाने से रोहतक के अलावा झज्जर, चरखी दादरी, भिवानी और सोनीपत जिले भी ऑपरेट होंगे। इसकी खासियत यह होगी कि यहां पर 40 पुलिसकर्मियों का स्टाफ तैनात होगा, जिसमें 20 से अधिक साइबर एक्सपर्ट शामिल होंगे।
दरअसल, पिछले करीब दो साल में साइबर के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जिसमें काफी मामले अनट्रेस भी रह जाते हैं। साइबर ठगों पर शिकंजा कसने के लिए कुछ माह पहले साइबर थाने शुरू करने की घोषणा की गई थी। सभी रेंज स्तर पर यह थाने शुरू होने हैं। रोहतक रेंज में भी पिछले कई दिनों से इस पर मंथन चल रहा था कि आखिर थाने में कौन से जिले में शुरू किया जाएगा। क्योंकि रोहतक रेंज में अन्य चार जिले भी शामिल हैं। विचार-विमर्श के बाद रोहतक के सेक्टर-14 स्थित एंटी व्हीकल थैफ्ट की बिल्डिग में थाना शुरू करने पर सहमति बनी है, जिसके लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संदीप खिरवार ने भी मंजूरी दे दी है। एंटी व्हीकल थैफ्ट की टीम को यहां से किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा। थाना शुरू करने के लिए सभी जरूरी उपकरणों की सूची मुख्यालय को भेज दी गई है। जो जल्दी ही उपलब्ध करा दिए जाएंगे। पुलिस अधिकारियों की मानें तो इस माह के आखिर तक थाना शुरू हो सकता है।
सेक्टर-14 में थाना खोलने के लिए स्थान निर्धारित किया गया है। फिलहाल वहां पर एंटी व्हीकल थैफ्ट की टीम काम कर रही है। उसे वहां से शिफ्ट कर दिया जाएगा। थाने में करीब 40 पुलिसकर्मियों का स्टाफ रहेगा। जो रोहतक के अलावा बाकी जिलों के भी साइबर मामलों की पड़ताल करेगा।
- गोरखपाल राणा, डीएसपी हेडक्वार्टर रोहतक