हाईवे पर चला किसानों का धरना, मकड़ौली और मदीना टोल कराए फ्री
तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे धरने के दौरान शुक्रवार को मकड़ौली और मदीना टोल को फ्री कर दिया।
जागरण संवाददाता, रोहतक : तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे धरने के दौरान शुक्रवार को रोहतक-पानीपत हाईवे स्थित मकड़ौली टोल प्लाजा और रोहतक-हिसार हाईवे स्थित मदीना टोल प्लाजा को फ्री करा दिया गया। हाईवे पर किसानों ने हुक्का गुड़गुड़ाया तो वहीं महिलाएं भी धरने पर शामिल हुई। किसानों ने घोषणा कर रखी है कि 27 दिसंबर की रात 12 बजे तक धरना जारी रहेगा। अधिकारियों की माने तो मकड़ौली टोल प्लाजा पर 24 घंटे में करीब 14 हजार वाहन निकलते हैं। जिनसे करीब 30 लाख का टोल लिया जाता है। इसी तरह मदीना टोल प्लाजा पर लगभग 5 हजार वाहन निकलते हैं, जिनसे करीब 9 लाख रुपये टोल लिया जाता है। यदि तीन दिनों तक टोल फ्री रखे जाते हैं कि इससे तीन गुना नुकसान उठाना पड़ेगा। मकड़ौली टोल प्लाजा :
मकड़ौली टोल पर सांझा किसान मोर्चा के नेतृत्व में टोल फ्री कराया गया। किसानों ने सुबह आठ बजे टोल प्लाजा की फास्टैग वाली लेन के सामने धरना दे दिया। जिस कारण फास्टैग वाले वाहनों को भी सामान्य लेन से निकाला गया। वाहनों के निकलने के लिए दोनों तरफ एक-एक लेन छोड़ी गई थी। जिनसे सभी वाहन बिना टोल दिए निकल रहे थे। इस दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भारतीय किसान यूनियन अंबावता के प्रदेशाध्यक्ष अनिल नांदल उर्फ बल्लू प्रधान ने बताया कि 25 से 27 दिसंबर तक टोल को फ्री रखा जाएगा। किसी भी वाहन से टोल नहीं लेने देंगे। जब तक किसानों की मांग पूरी नहीं होगी तब तक धरना भी जारी रहेगा। महिलाओं ने भी धरने पर पहुंचकर समर्थन दिया। इसके अलावा वहां पर लंगर भी शुरू कर दिया गया। किसानों का कहना है कि वह किसी भी हालत में पीछे नहीं हटेंगे। धरना देने वालों में राजकुमार उर्फ राजू, संजू, सुरेंद्र दलाल, सुरेश नांदल, योगेंद्र, सत्येंद्र, हरदीप, कैप्टन जगबीर मलिक, आशीष, काला, गगन, राजेश, सोनू, अंकित, धर्मपाल हुड्डा और धर्मवीर आदि मौजूद रहे। मदीना टोल प्लाजा :
रोहतक-हिसार हाईवे स्थित मदीना टोल प्लाजा पर अखिल भारतीय किसान सभा के सदस्य प्रेम सिवाच, बलवान सिंह व रामफल सीसर की अगुवाई में सुबह आठ बजे किसान टोल पर पहुंचे। जिसके बाद टोल को फ्री करा दिया गया। इस दौरान सीटू के जिला सचिव प्रकाशचंद्र व कोषाध्यक्ष सत्यनारायण ने अपना समर्थन दिया। कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अनिल शर्मा, पूर्व पार्षद सोमनाथ गीरोत्र, सतीश सिवाच ने कहा कि वह किसान आंदोलन का पुरजोर समर्थन करते हैं। उनका सहयोग तब तक जारी रहेगा जब तक कृषि कानूनों को रद्द नहीं किया जाएगा। शाम 5 बजे जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन बलराम दांगी भी टोल पर बैठे किसानों के बीच गए तथा उन्हें अपना समर्थन दिया। किसान नेता बलवान सिंह ने बताया कि दिन-रात टोल पर ही रहेंगे। हाईवे पर गुड़गुड़ाते रहे हुक्का
धरने के दौरान किसान हाईवे के बीच में बैठकर हुक्का गुड़गुड़ाते रहे। वाहनों के निकलने के लिए दोनों तरफ रास्ते छोड़े गए थे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों टोल पर पुलिस बल भी तैनात रहा। पुलिस के उच्च अधिकारी भी पल-पल की जानकारी लेते रहे।